मंदसौर के बलात्कारी को फांसी तक चैन से नहीं बैठूंगा : शिवराज

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मंदसौर की अबोध बालिका को न्याय दिलाया जाएगा और जब तक वे इस बालिका के साथ दुराचार करने वाले को फांसी के फंदे पर नहीं लटकवा देंगे, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। चौहान आजकल तीन दिन की आध्यात्मिक यात्रा पर हरिद्वार आए हुए हैं। रविवार को उन्होंने अपनी पत्नी के साथ श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी के हरिहर आश्रम में स्थित पारदेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक किया और उन्होंने स्वामी अवधेशानंद गिरी, उनके गुरु व भारत माता मंदिर के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी, योग गुरु स्वामी रामदेव और परम अखंड धाम आश्रम के युगपुरुष स्वामी परमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मंदसौर की अबोध बालिका मध्य प्रदेश की बेटी है, मेरी बेटी है। उसके भविष्य को संवारने के लिए हम जीवन भर उसकी पढ़ाई-लिखाई, रहन-सहन और इलाज का जिम्मा उठाएंगे। दुराचारी धरती पर बोझ हैं और पापी हैं, उन्हें फांसी के फंदे पर लटकना ही चाहिए। बलात्कार करना हत्या से भी बड़ा जुर्म है। उन्होंने कहा कि मैंने सुप्रीम कोर्ट और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को चिट्ठी लिखकर अबोध बालिका से बलात्त्कार करने वालों को जल्द फांसी पर लटकाने के लिए मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में करने की मांग की है। एक-डेढ़ महीने में सिविल कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट बलात्कारी को फांसी देने का फैसला करें।

वहीं स्वामी रामदेव ने अश्लीलता फैलाने वाले सोशल मीडिया, यूट्यूब और सिनेमा पर पाबंदी लगाने की मांग की है। साथ ही बाबा ने कहा कि बलात्कार के कारणों और भोगवासना को बढ़ावा देने वाले मूल कारणों पर जाकर उन पर रोक लगानी चाहिए। स्कूलों और विश्वविद्यालयों में योग, अध्यात्म और सदाचार की शिक्षा देनी चाहिए। सदाचार बढ़ेगा तो दुराचार खत्म होगा और भारत दुराचार की घटनाओं से कलंकित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान योगी और कर्मयोगी मुख्यमंत्री हैं। उनका और हमारा सालों से गहरा आत्मीय संबंध है। वे हरिद्वार में संतों का आर्शीवाद लेने और गंगा स्नान, आरती, पूजा-पाठ के लिए आए हैं। सदियों से हमारे यहां शासक तीर्थों की यात्रा पर आते रहे हैं और शिवराज सिंह चौहान इसी परंपरा का पालन कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी रामदेव ने पूरे विश्व में योग को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने योग को जनांदोलन बना दिया। पहले योग कुछ विशिष्ट लोग करते थे, अब योग आम जन करता है। मैं उनके चरणों में प्रणाम करने आया हूं क्योंकि मेरा मन उनके प्रति हमेशा श्रद्धा के भाव से भरा रहता है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव एक क्रांतिकारी युगपुरुष और चमत्कारी संत हैं। उन्होंने एक नई क्रांति करके स्वेदशी को जन-जन तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *