मध्य प्रदेश उपचुनाव नतीजे 2018: मुंगावली और कोलारस दोनों सीटों पर जीती कांग्रेस

मध्य प्रदेश की दोनों विधानसभा सीटों, मुंगावली और कोलारस में कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। जहां मुंगावली से कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा के बाई साहब यादव को 2000 वोटों से हराया वहीं  कोलारस सीट से कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव ने बीजेपी के देवेंद्र जैन को 8000 वोटों से पटखनी दी है। बता दें कि इस उपचुनाव को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल माना जा रहा था। अब नतीजों की घोषणा के बाद शिवराज के जादू पर सिंधिया का दबदबा भारी पड़ा है। इससे पहले, मुंगावली में मतगणना के 15 चरण पूरे हुए थे। इससे पहले 24 फरवरी को दोनों विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। मुंगवाली में 77.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था तो कोलारस में 70.4 फीसदी वोटिंग हुई थी। मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोलारस उपचुनाव के वोटों की गिनती 23 राउंड में और मुंगावली में मतों की गणना 19 राउंड में हुई।

कोलारस उपचुनाव में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। बता दें कि दोनों स्थानों पर कांग्रेस विधायकों के निधन के चलते उपचुनाव कराए गए थे। कोलारस में कांग्रेस के महेंद्र यादव का भाजपा के देवेंद्र जैन से मुकाबला था। वहीं, मुंगावली में कांग्रेस के बृजेंद्र यादव के सामने भाजपा के बाई साहब थे। मुंगावली और कोलारस दोनों ही क्षेत्रों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *