महेंद्र सिंह धोनी को देखने के लिए अपहरण की कहानी रच रांची से मुंबई पहुंच गया यह फैन

IPL 2018 की शुरुआत 7 अप्रैल को हुई थी। पहला मैच मुंबई इंडियंस और चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के बीच खेला गया था। सीएसके ने दिलचस्‍प मुकाबले में मुंबई को एक विकेट से हरा दिया था। IPL का बुखार प्रशंसकों पर भी चढ़ गया है। इसी का असर है कि दिग्‍गज क्रिकेटर और सीएसके के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी को देखने के लिए झारखंड का एक किशोर अपहरण की कहानी रच कर रांची से मुंबई पहुंच गया था। ‘टाइम्‍स ऑफ इंडिया’ के अनुसार, दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला सौरभ कुमार मूल रूप से रामगढ़ जिले का रहने वाला है। उसके पिता अशोक साव का होटल का व्‍यवसाय है। सौरभ गुरुवार (5 अप्रैल) को अचानक से गायब हो गया था। अशोक को सौरभ का स्‍कूटर रजरप्‍पा मंदिर के पास के जंगल में लावारिश हालत में पड़ा मिला था। उन्‍होंने शुक्रवार को गोला थाने की पुलिस को इसकी जानकारी दी थी।

सौरभ डीएवी पब्लिक स्‍कूल में पढ़ता है। पढ़ाई के बाद वह घर लौट रहा था। उसी वक्‍त उसके गायब होने की सूचना मिली थी। अशोक साव पहले से ही तनाव में थे। कुछ दिनों पहले ही नक्‍सलियों ने उनके होटल में पोस्‍टर चस्‍पा कर वसूली की राशि न मिलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। ऐसे में बेटे के अचानक से गायब होने से उनकी चिंताएं बेहद बढ़ गई थीं। अशोक की ओर से शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्‍काल एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसके बाद व्‍यापक तलाशी अभियान छेड़ दिया गया था। पुलिस द्वारा सौरभ का मोबाइल फोन ट्रैक करने पर उसके मध्‍य प्रदेश में होने की जानकारी मिली थी। पुलिस को शक था कि सौरभ का फिरौती के लिए अपहरण किया गया है। पुलिस की एक टीम को तुरंत मध्‍य प्रदेश के लिए रवाना कर दिया गया था, लेकिन सौरभ का लोकेशन लगातार बदल रहा था। पुलिस को सौरभ आखिरकार मुंबई में मिला।

धोनी का है फैन: पुलिस ने बताया कि सौरभ महेंद्र सिंह धोनी का जबर्दश्‍त फैन है। वह धोनी को मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में खेलते हुए देखने का मौका नहीं गंवाना चाहता था। उसे पता था कि माता-पिता मुंबई जाने की इजाजत नहीं देंगे, लिहाजा वह चोरी-चुपके मुंबई के लिए निकल गया था। रामगढ़ के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अपहरण का मामला नहीं था। दसवीं का छात्र अपहरण की कहानी रच कर मुंबई अपने पसंदीदा क्रिकेटर को देखने पहुंचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *