मां का पार्थिव शरीर लेने दुबई पहुंचे अर्जुन कपूर! आज हो सकता है श्रीदेवी का अंतिम संस्‍कार

दिवंगत बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी के सौतेले बेटे अर्जुन कपूर इस दुख की घड़ी में अपने पिता का साथ देने दुबई पहुंच गए हैं। अंग्रेजी न्यूज पोर्टल रिपब्लिक वर्ल्ड ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अर्जुन अपने पिता के साथ दुबई पहुंच चुके हैं। खबर के मुताबिक अर्जुन नहीं चाहते थे कि वह ऐसे समय में अपने पिता को अकेला छोड़ें। कयास लगाए जा रहे हैं कि अर्जुन अपने पिता के साथ श्रीदेवी के शरीर को लेने पहुंचे हैं। मालूम हो कि शनिवार को देर रात श्रीदेवी की दुबई में मौत हो गई थी। वह सोनम कपूर के भाई की शादी में शरीक होने दुबई पहुंची हुई थीं जहां उन्होंने देह त्याग दिया।

श्री की मौत के कारणों पर हालांकि अभी तक संदेह बना हुआ है। पहले यह बताया गया था कि उनकी मौत दिल के दौरे से हुई लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि उनकी मौत बाथटब में डूबने के चलते हुई है। इस बारे में अभी भी जांच कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक जिस होटल में यह हादसा हुआ वहां ठहरे हुए लोगों से पूछताछ जारी है। जानकारी के मुताबिक दुबई पुलिस के द्वारा जांच अब दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूटर को सौंप दी गई है और उन्होंने सोमवार को दोबारा ऑटोप्सी कराने का फैसला किया।

जहां तक बात अर्जुन कपूर और श्रीदेवी के रिश्तों की है तो बता दें कि श्रीदेवी बोनी कपूर की दूसरी पत्नी थी जिनसे उन्हें दो बेटियां (जाह्नवी कपूर और खुशी) हैं और उनकी पहली पत्नी मोना कपूर से बोनी कपूर को एक बेटा और एक बेटी (अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर) हैं। अर्जुन ने हाल ही में श्रीदेवी के साथ उनके संबंधों पर कहा था कि दोनों के बीच अच्छे ताल्लुकात थे और उनके और श्रीदेवी की बीच उनके पिता (बोनी कपूर) ऐसे शख्स थे जिन्हें दोनों ही चाहते थे। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर अभी तक मुंबई नहीं लाया जा सका है। उनके फैन्स और परिजन श्रीदेवी के शरीर को मुंबई लाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। खबरों की मानें तो आज श्रीदेवी का अंतिम संस्कार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *