यूपी: अब बस्‍ती के बीजेपी विधायक ने बढ़ाई योगी की मुश्किल, वकीलों ने लगाया न्‍याय प्रक्रिया में हस्‍तक्षेप का आरोप

यूपी के उन्नाव (बांगरमऊ) से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार सहित कई गंभीर आरोप लगाने के बाद अब बस्ती जिले के हरैया से विधायक अजय सिंह पर अदालत के कामकाज में दखल देने का आरोप लगा है। बस्ती की बार एसोसिएशन का आरोप है कि शुक्रवार (6 अप्रैल, 2018) को विधायक अजय सिंह अदालत पहुंचे। वहां उन्होंने अधिकारियों को कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि किसी भी मुकदमे में स्टे लेने से पहले उनकी मंजूरी ली जाए। ऐसे में, अगर कोई वकील इसका विरोध करता है तो उसकी विधायक से बात कराई जाए। हालांकि, बाद में विधायक के इस निर्देश की खबर वकीलों तक पहुंची तो वे खासे नाराज हो गए और भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वकीलों का आरोप है कि विधायक न्यायपालिका में जबरन दखल दे रहे हैं।

सामने आए एक वीडियो में वकील इसका विरोध करते नजर आ रहे हैं। मीडिया से बातचीत में एक वकील ने कहा कि न्यायिक कार्यों में हस्तक्षेप किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वकील ने आगे कहा कि लोकतंत्र या न्यायिक व्यवस्था का विरोध किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे वकीलों का आरोप है कि विधायक बार के सदस्य थे, लेकिन उन्होंने इसके सदस्यों को भरोसे में नहीं लिया। उन्होंने बार एसोसिएशन के विरोध में काम किया है। हालांकि, एसोसिएशन की मीटिंग में प्रस्ताव लाकर उन्हें निष्कासित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि भाजपा विधायक होने के साथ अजय सिंह बार एसोसिएशन के सदस्य भी थे। हालांकि, उनके मनमाने रवैये के चलते अब उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई है। बाद में भाजपा विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन ज्यादा उग्र हुआ तो वह घटनास्थल पर पहुंच गए। खुद के खिलाफ नारेबाजी पर अजय सिंह ने कहा कि ‘कम्युनिकेशन गैप’ के चलते ऐसा हुआ है। उन्होंने कहा, “बार एसोसिएशन उनका परिवार है। जहां परिवार होता है, वहां गलतफहमियां हो जाती हैं। यह मेरे परिवार का मामला है। प्रदर्शन मेरे विरोध में नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *