यूपी: गाय चुराकर भाग रहे थे युवक, गुस्‍साई भीड़ ने पहले पीटा फिर पुलिस में दे दिया

उत्तर प्रदेश में गाय चुराकर भाग रहे दो युवकों को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। घटना मुगलसराय के सुभाष नगर की बताई जाती है। रिपोर्ट के अनुसार दो शख्स यहां एक गाय और बछड़े को चुराकर भाग रहे थे। बाद में उन्हें पकड़ लिया गया। इसपर गाय चोरी के आरोप में स्थानीय भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई की। आरोपियों को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले में चंदौली के एसपी सीके सिंह ने बताया कि आरोपी स्थानीय इलाके से गाय चोरी के आरोप में पकड़े गए हैं। गाय के मालिक ने दोनों पर चोरी का आरोप लगाया है। एसपी सिंह ने आगे बताया कि युवकों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि इससे पहले सूबे के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने गौ हत्या से जुड़े एक केस में 2 नाबालिग मुस्लिम लड़कियों को जेल भेज दिया था। इनमें से एक की उम्र 12 और एक उम्र 16 साल बताई गई। पुलिस ने इस मामले में लड़की की मां और 6 दूसरे लोगों को भी गिरफ्तार किया। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों लड़कियों को अदालत में बालिग दिखाया गया और इन्हें जेल भेज दिया गया। जबकि इन्हें जुवेनाइल होम भेजा जाना चाहिए था।

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक जब इन लड़कियों का आधार कार्ड देखा गया तो इनमें से एक का जन्म 2001 और दूसरी का जन्म 2005 में हुआ था। बीते 29 दिसंबर को पुलिस ने गोकशी के सिलसिले में खतौली पुलिस ने मुजफ्फरनगर में दो मकानों में छापा मारकर पांच महिलाओं सहित नौ लोगों को गोकशी के आरोप में गिरफ्तार किया, जबकि उनके कब्जे से कथित तौर पर तीन क्वींटल गोमांस जब्त किया।

तब पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने खतोली नगर में छापा मारा और मौके से गोमांस जब्त किया। सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश गोवध रोकथाम अधिनियम, 1955 के तहत एक मामला दर्ज कर सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक 4 आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *