यूपी: बदायूं विधायक ने सीएम को लिखी चिट्ठी- यहां के लिए विकास प्रोजेक्‍ट्स लाइए वरना 2019 जीतने में मुश्किल होगी

उत्तर प्रदेश में बीजेपी के विधायक अपनी सरकार के कामकाज से परेशान नजर आ रहे हैं। बदायूं जिले से पार्टी के विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सीएम योगी आदित्यानाथ को चिट्ठी लिखकर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर चिंता जताई है। सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव का के कामकाज की तारीफ करते हुए जिले के तीन बीजेपी विधायक और एक एमएलसी ने विकास कार्यों को लेकर चिट्ठी लिखी है। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने चिट्ठी में लिखा कि ‘ ‘विधानसभा में आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए योजनाएं लाइए वरना बीजेपी उम्मीदवार के लिए 2019 के लोकसभा चुनाव को जीतना मुश्किल हो जाएगा।’

बीजेपी विधायक महेश चंद्र गुप्ता को लगता है कि सपा सांसद धर्मेंद्र यादव द्वारा बदायूं जिले में कराए गए विकास कार्य बहुत ज्यादा और अच्छे हैं, जिनकी वजह से 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें टक्कर देना मुश्किल हो सकता है। विधायकों ने तर्क देते हुए लिखा कि, ‘वर्तमान में जिले की 6 विधानसभा क्षेत्रों में से पांच विधानसभाओं में भाजपा के विधायक हैं। देश और प्रदेश में सरकार भी भारतीय जनता पार्टी की है, लेकिन सांसद धर्मेंद्र यादव के प्रभाव में जिले में कोई कमी नहीं आई है। समाजवादी पार्टी से जुड़ी लोगों की आस्था तोड़ने के लिए आवश्यक है कि वर्तमान सरकार द्वारा भी क्षेत्र की जनता के लिए कुछ बड़े व कल्याणकारी कार्य कराए जाएं।’

सीएम योगी को लिखी गई चिट्ठी पर तीन विधायक और एमएलसी के हस्ताक्षर हैं। इनमें बदायूं शहर से विधायक महेश गुप्ता, दातागंज से विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी से विधायक आरके शर्मा और एमएलसी जयपाल सिंह हैं शामिल हैं। उन्होंने चिट्ठी में धर्मेंद्र यादव का जिक्र करते हुए लिखा कि, ‘बदायूं जनपद देश व प्रदेश के अतिपिछड़े जनपदों में से एक है। बदायूं लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई धर्मेंद्र यादव वर्ष 2009 से कर रहे हैं। वर्ष 2012 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के गठन के बाद सांसद धर्मेंद्र यादव के प्रयास से बदायूं जनपद में राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित कराया गया, जो निर्माणाधीन है।’

महेश चंद्र गुप्ता ने धर्मेंद्र यादव के विकास कार्यों के बारे में बताते हुए आगे लिखा कि,’ साथ ही बदायूं शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए ओवरब्रिज एवं बाइपास स्वीकृत कराया गया। बाइपास निर्माणाधीन है। बरेली से बदायूं तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया गया, जनपद के अन्य कई मार्गों को राज्य मार्ग का दर्जा दिलाया गया। कई डिग्री कॉलेज स्थापित कराए गए। दो नए विकास खंड सृजित कराए गए। राजकीय पॉलिटेक्निक बदायूं में राजकीय इंजिनियरिंग कॉलेज की स्थापना का भी प्रयास उनके द्वारा किया गया। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में जनपद बदायूं में इतने प्रमुख कार्य होने से जनपद के नागरिकों में धर्मेंद्र यादव के प्रति आस्था को जन्म दिया है।’ इसके अलावा महेश चंद्र गुप्ता ने सीएम योगी से आग्रह किया है कि अगर वह धर्मेंद्र यादव को लेकर नागरिकों की आस्था को तोड़ना चाहते हैं तो जनपद में कुछ बड़े एवं कल्याणकारी कार्य कराना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *