यूपी: मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन का रंग हुआ भगवा

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद भगवा रंग सर चढ़ कर बोलने लगा है। पहले मुख्यमंत्री कार्यालय व अन्य सरकारी भवन भगवा रंग में रंगे गए। अब इस कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है मुजफ्फरनगर स्थित पुलिस लाइन का। कुछ थानों की इमारतें को भगवा रंग में रंगे जाने के बाद यूपी पुलिस के आवास भी भगवा हो गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित पुलिस लाइन को भी भगवे रंग में रंग दिया गया है। यहां पुलिस व उनके परिवार को रहने के लिए सैंकड़ों की संख्या में क्वार्टर बनाए गए हैं। पुलिस लाइन की नई तस्वीर में दिख रहा है कि सभी क्वार्टर को हाल ही में पेंट किया गया है। सभी का रंग भगवा कर दिया गया है। साथ ही पुलिस लाइन में बने परिवार कल्याण कार्यालय को भी भगवा रंग में रंग दिया गया है। पुलिस क्वार्टर पर भगवा रंग से जुड़े सवाल पर अफसर कुछ कहने से बच रहे हैं। वहीं, पुलिस कर्मियों का कहना है कि रंग कोई भी हो, उससे क्या फर्क पड़ता है। वहीं, यह वाक्या पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

गौर हो कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के हज भवन को भी भगवा रंग से रंग दिया गया था। बाद में विवाद होने पर इसका रंग बदल दिया गया था। भवनों के साथ-साथ कुछ दिनों पहले उत्तर प्रदेश में बाबा साहब भीम राव आंबेदकर की मूर्ति को भगवा रंग में रंगे जाने का मामला सामने आया था। इस मामले पर सरकार की काफी किरकिरी हुई थी। बाद में इसका रंग नीला किया गया था।

बता दें कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से सरकारी पुस्तिकाओं, बुकलेट से लेकर तौलिये और सरकारी बसों पर भगवा रंग चढ़ चुका है। कहा जाता है कि भगवा रंग मुख्यमंत्री का पसंदीदा रंग है। अपनी गाड़ी की सीटों पर तौलिया भी उन्होंने भगवा रंग का ही रखा हुआ है। उनके स्टेज भगवा रंग, भगवा रंग के कालीन और यहां तक पर्दे भी इसी रंग के होते हैं। राज्य के सरकारी टॉयलेट, टोल, थाने के बाद अब पुलिस क्वार्टर भी भगवा रंग में रंग दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *