रविशंकर प्रसाद का प्रहार- कांग्रेस व लश्कर के बयान एक जैसे, जवाब दें राहुल गांधी

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार (22 जून) को कांग्रेस पर बड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बयान एक जैसे हैं। पाकिस्तान कांग्रेस के नेताओं के बयानों से खुश होगा। कांग्रेस चुनाव के लिए नीचे गिर रही है और देश की सेना व सुरक्षा पर सवाल कर रही है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री की यह टिप्पणी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के उस बयान पर आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारतीय सेना आतंकियों से अधिक आम नागरिकों को मार रही है। कांग्रेसी नेता पर हमला बोलते हुए प्रसाद ने कहा, “आजाद ने कहा कि सेना कश्मीर में आतंकियों से अधिक आम जनता को मार रही है। यह टिप्पणी शर्मनाक और गैर-जिम्मेदाराना है। ऐसा कहकर उन्होंने सेना का अपमान किया है। आजाद की टिप्पणी से वे खुश होंगे, जो आतंकवाद का समर्थन करते हैं।”
केंद्रीय मंत्री ने आगे बताया, “2012 में घाटी में 72 आतंकी मारे गए, जबकि 2013 में 67 ढेर किए गए थे। जून 2014 से सरकार में हम (बीजेपी) आए। उस साल 110, 2015 में 108, 2016 में 150, 2017 में 217 और इस साल मई तक 75 आतंकी मार गिराए गए। गुलाम नबी आजाद, आप अपनी और हमारी सरकार के बीच का फर्क देख सकते हैं। लश्कर-ए-तैयबा उन्हीं चीजों का समर्थन करती है, जो कांग्रेस कहती है।”
बकौल प्रसाद, “कांग्रेसी नेता ने जो बोला, उसका समर्थन लश्कर करता है। किस राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस देश को तोड़ने वालों संग खड़ी है? राहुल गांधी और सोनिया गांधी के आश्रय में कांग्रेस देश को तोड़ने वाली ताकतों को मजबूत कर रही है।”
याद दिला दें कि गुलाम नबी आजाद ने कहा था कश्मीर में केंद्र सरकार बाहुबल की नीति आम लोगों पर थोप रही है, क्योंकि चार आतंकियों को मारने के चक्कर में 20 नागरिक मारे जा रहे हैं। उनकी (सेना) कार्रवाई नागरिकों के खिलाफ अधिक और आतंकियों पर कम है। वहीं, सैफुद्दीन सोज ने आजाद कश्मीर पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कश्मीर के लोगों की पहली प्राथमिकता आजादी पाना है। बीजेपी नेता ने इसी पर कांग्रेस अध्यक्ष और सोनिया से इस पर जवाब मांगा है।