राफेल डील पर बीजेपी सांसद ने उठाया सवाल, बोले- हर बार की तरह ‘खामोश’ रहने से नहीं बनेगी बात

विपक्षी पार्टी मुख्य रूप से कांग्रेस राफेल डील को लेकर लगातार मोदी सरकार पर हमला कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि “अगले 50 वर्षों में भारतीय करदाताओं को श्रीमान 56 के मित्र के संयुक्त उपक्रम को 36 राफेल विमानों के रखरखाव के लिए 1,00,000 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा।” कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाल ने भी राफेल डील को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। लेकिन इस बार भाजपा सासंद ने ही अपने प्रधानमंत्री पर राफेल डील को लेकर निशाना साधा है। बिहार के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि हर बार की तरह खामोश रहने से इस बार बात नहीं बनेगी। कांग्रेस पार्टी ने गंभीर आरोप लगाए हैं, आप जितनी जल्दी जवाब देंगे, अच्छा होगा।

शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट किया, “आदरणीय महोदय, कहां हैं आप? भारत में हैं या विदेश घूम रहे हैं। यह क्या हो रहा है महोदय? हमारे मित्र और कांग्रेस नेता राजदीप सुरजेवाला ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर राफेल डील के बारे में बताया। उन्होंने इस डील को लेकर दावों के साथ कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ऐसा करने से पहले पूरी तरह रिसर्च किया था। उन्होंने तर्क के साथ अपनी बातें रखी। महोदय अब आप वापस आ जाइए। हम इस कठिन और अजीब परिस्थति से निपटने के लिए आपके निर्देश और जवाब का इंतजार कर रहे हैं। हर बार की तरह  ‘खामोश’ रहने से इस बार काम नहीं चलेगा। समस्या दूर नहीं होगी। मुझे लगता है कि सुरजेवाला ने यह भी आरोप लगाया है कि हमारे कुछ और ईमानदार ब्यूरोक्रेट्स संवेदनशील दस्तावेजों, फाइलों, काजगातों इत्यादि को आगे पास कर रहे हैं। क्या हमारी पकड़ और प्रभाव देश व यहां के लोगों पर से कम होती जा रही है? ये गंभीर आरोप हैं, जिसका तत्काल जवाब दिया जाना चाहिए। सुरेजवाला ने ये बातें पूरे विश्वास और तथ्यों के आधार पर रखी है। मुझे उम्मीद है और प्रार्थना करते हैं कि आप जितनी जल्दी इन बातों का जवाब देंगे, उतना ही बेहतर होगा। आप अपने जवाब से भ्रष्टाचार के इन आरोपों को हटा दें।”

दरअसल, राफेल डील को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाल ने कहा कि यह डील रक्षा सौदे में क्रोनी कैपिटलिज्म है। उन्होंने आरोप लगाया कि राफेल के सच को छिपाया जा रहा है। रक्षामंत्री ने भी संसद में झूठ बोला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *