राम रहीम सिंह दोषी: डेरा प्रमुख पर मेहरबान रही है खट्टर सरकार, बदले में मिले भक्‍तों के वोट

बलात्कार के एक मामले में आज दोषी करार दिए गए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को इससे पहले हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार से फायदा पहुंचाया जा रहा था। तीन महीने पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राम रहीम सिंह की फिल्म ‘‘जट्टू इंजीनियर’’ को छह महीने के लिए कर मुक्त करने की घोषणा की थी। खट्टर ने मई में करनाल में एक कार्यक्रम में फिल्म को कर मुक्त करने की घोषणा की थी। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने डेरा प्रमुख के साथ सफाई अभियान शुरू किया था। राज्य के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने भी ग्रामीण खेलों का प्रचार करने के लिए विवेकाधीन फंड से डेरा को 50 लाख रुपये दिए थे। सिरसा में डेरा द्वारा आयोजित एक खेल कार्यक्रम में विज ने कहा था, ‘‘डेरा सच्चा सौदा काफी समय पहले ही खेलों का प्रचार कर रहा है और अब भाजपा सरकार ओलंपिक खेलों की तैयारी के लिए सभी खेलों से संबंधित गतिविधियों का प्रचार करेगी।’’ विज ने कहा था, ‘‘वह (राम रहीम) खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। चूंकि यहां स्कूल भी खेलों को भी बढ़ावा दे रहे हैं तो मैं अपने विवेकाधीन फंड से 50 लाख रुपये दान देना चाहुंगा।’’ गौरतलब है कि डेरा एकेडमी में खेले जाने वाले सभी खेलों को गुरमीत राम रहीम ने खुद ईजाद किया है और उन्हें राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेला जाता है। हरियाणा के एक और मंत्री मनीष ग्रोवर ने भी डेरा खेल गांव को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। राज्य में वर्ष 2014 में विधानसभा चुनाव से पहले डेरा प्रमुख ने भाजपा को समर्थन दिया था।

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दुष्कर्म मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद उनके नाराज भक्त हिंसा पर उतर आए। समर्थकों को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा की गई गोलीबारी में 30 लोगों की मौत हो गई। हिंसा में सुरक्षा कर्मियों सहित 200 लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाराज डेरा समर्थकों पर गोलीबारी से मौतें हुई। मृतकों में सभी डेरा समर्थक हैं। पुलिस व अस्पताल सूत्रों ने कहा कि करीब 200 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिसमें से कुछ जिंदगी व मौत से जूझ रहे हैं। कई घायलों को चंडीगढ़ के अस्पताल में रेफर किया गया है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बी.एस. संघु ने शुक्रवार की शाम को कहा कि पंचकुला 100 फीसदी सुरक्षित है।

रियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बाद में लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने व अफवाहों से गुमराह नहीं होने का आग्रह किया। पंचकूला में डेरा समर्थकों के हिंसा की निंदा किए बगैर खट्टर ने कहा, “सीबीआई अदालत के फैसले के बाद कुछ असाजिक तत्व डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों के साथ मिल गए और शांति को बाधित कर हिंसा को अंजाम दिया।” उन्होंने कहा, “इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और किसी के भी कानून को अपने हाथों में लेने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

सुरक्षा बलों ने कई जगहों पर गोलीबारी की क्योंकि डेरा समर्थकों ने कई वाहनों को इमारतों को आग लगा दी। राम रहीम को दुष्कर्म का दोषी करार दिए जाने के बाद पंचकूला घंटे भर में युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया। इसमें पत्रकारों व सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाया गया। कुछ पत्रकार अपनी जान बचाकर भागे और पास के घरों में शरण ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *