राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में 10 हजार गाय बांटेंगी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी उत्तर प्रदेश के अमेठी में 10 हजार गाय बांटेंगी। ये सभी कावेरियन गाय होंगी, जो नर्मदा फर्टिलाइजर्स नाम की कंपनी द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉनसिबिल्टी (सीएसआर) के तहत खरीदी जाएंगी। आपको बता दें कि अमेठी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है। केंद्रीय मंत्री अप्रैल में अपने अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगी। उनके कार्यक्रम की शुरुआत गाय वितरण के साथ होगी। वह इस दौरान 10 हजार गरीब परिवारों से मुलाकात करेंगी और उन्हें ये गाय बांटेंगी, ताकि उन लोगों की आय बढ़े। वे ठीक से अपना जीवन-यापन कर सकें।

सूत्रों के मुताबिक, अमेठी के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से हर क्षेत्र में 2,000 गाय दी जाएंगी। सलोन विधानसभा से इसकी शुरुआत होगी। भाजपा कार्यकर्ता और फर्टिलाइजर कंपनी के प्रतिनिधि के साथ मिलकर फिलहाल उन लोगों की सूची बनाने में जुटे हैं, जिन्हें ये गाय दी जानी हैं। लोगों को अच्छी नस्ल की गाय देने के लिए मवेशी दूसरे प्रदेश से मंगाए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री के इस कदम की अमेठी जिला भाजपा अध्यक्ष उमा शंकार पांडे ने तारीफ की है। कहा है कि पहली बार लोकसभा के 10 हजार गरीब परिवारों को कावेरियन गाय मिलेंगी, जिससे लोों की आर्थिक स्थिति के साथ क्षेत्र की माली हालत पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

वहीं, जानकारों का मानना है कि स्मृति साल 2019 के आम चुनावों के लिए अभी से कमर कस चुकी हैं। गाय बांट कर राहुल को उन्हीं के संसदीय क्षेत्र में कमजोर करना चाहती हैं। पूर्व में वह यहां पर कई जनकल्याणकारी योजनाएं ला चुकी हैं और लगातार यहां के विकास पर अपनी निगाह रखती हैं।

याद दिला दें कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री अमेठी में साड़ियां भी बांट चुकी हैं। बीते साल दीपावली के मौके पर उन्होंने महिलाओं को उपहारस्वरूप साड़ियां दी थीं, जबकि मकर संक्रांति पर उन्होंने लोगों के बीच जाकर मिठाई बांटी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *