रोहिंग्या मुसलमानों का पक्ष लेने वाले वरुण गांधी पर बोले दिग्विजय- BJP में फिट नहीं बैठते

बीजेपी नेता वरुण गांधी ने रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर हाल ही में एक बयान दिया था। इस पर अब कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह वरूण गांधी के बचाव में आ गए हैं। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि वरुण गांधी बीजेपी में फिट नहीं बैठते। वरुण गांधी नेहरु-गांधी परिवार के वंशज हैं और उनकी विचारधारा भी वैसी ही है। आपको बता दें कि भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपने ब्‍लॉग में रोहिंग्या मुसलमानों के साथ सहानुभूति से पेश आने के लिए कहा था।

साथ ही वरुण गांधी ने यह भी कहा था कि वह चाहते हैं कि रोहिंग्या मुसलमानों को शरण दी जाए। भाजपा सांसद ने यह भी कहा था कि सरकार को उनके साथ मानवतापूर्ण तरीके से पेश आना चाहिए। वरुण के रुख की आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि जो देश के हित में सोचेगा वो इस तरह का बयान नहीं देगा। हंसराज अहीर ने यह भी कहा था कि वरुण का बयान इस मुद्दे पर सरकार के रुख से अलग है। म्यांमार में अत्याचार से परेशान होकर बांग्लादेश भारत पहुंच रहे इन रोहिंग्या मुसलमानों को भारत सरकार ने खतरा बताया है कि शरण देने से मना कर दिया है। सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जारी एक केस की सुनवाई में भी यह बात साफ कही है कि ये लोग सुरक्षा के लिए खतरा भी हैं।

अहीर के बयान के बाद वरुण गांधी ने ट्वीट किया कि उनका आलेख मुख्य रूप से भारत की शरण देने की नीति को परिभाषित करने पर केंद्रित था, जिसमें इस बात को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया गया कि हम किस तरीके से शरणार्थियों को स्वीकार करेंगे। उन्होंने ट्वीट किया कि शरण देने को लेकर रोहिंग्या के लिए मैंने सहानुभूति से पेश आने को कहा लेकिन इससे पहले हर आवेदक के लिए वैध सुरक्षा चिंताओं का आकलन भी करना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *