लखनऊ नगर निगम चुनाव नतीजे 2017: लखनऊ को मिली पहली महिला मेयर, बीजेपी की संयुक्ता भाटिया जीतीं

उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनावों के नतीजे लगभग आ चुके हैं और राजधानी लखनऊ में इतिहास रचा जा चुका है। नवाबों की नगरी लखनऊ को पहली महिला महापौर मिल गई है। बीजेपी की संयुक्ता भाटिया लखनऊ की मेयर होंगी। शहर के इतिहास में आज तक कोई भी महिला महापौर की कुर्सी पर नहीं बैठी है। आजादी के बाद पहली बार लखनऊ की सीट महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है। लखनऊ में भाजपा की तरफ से संयुक्ता भाटिया, सपा से मीरा वर्धन तलवार, बसपा से बुलबुल गोदियाल और कांग्रेस से प्रेमा अवस्थी मैदान में थीं। शुरुआती रुझानों से ही बीजेपी की संयुक्ता भाटिया अपनी प्रतिद्वन्दियों से आगे चल रही थीं। बता दें कि संयुक्ता भाटिया 90 के दशक में कैंट से विधायक रहे स्वर्गीय सतीश भाटिया की पत्नी हैं। संयुक्ता संघ की अवध प्रांत की महिला समन्वयक हैं, जबकि उनके बेटे प्रशांत भाटिया लखनऊ के विभाग कार्यवाह हैं। इस लिहाज से संयुक्ता भाटिया का पूरा परिवार बीजेपी और संघ से जुड़ा हुआ है। संयुक्ता भाटिया ने आज नतीजे आने से पहले पूजा-पाठ की और अपनी जीत की प्रार्थना की।

उप्र निकाय चुनाव तीन चरणों में संपन्न हुए थे। पहले चरण का मतदान 22 नवंबर, दूसरे चरण का 26 नवंबर और तीसरे चरण का 29 नवंबर को हुआ। यूपी में इस बार 653 निकायों में 12007 वार्डों में चुनाव हुआ था। जबकि महापौर की 16 सीटों, पालिका परिषद चेयरमैन की 198 और नगर पंचायत की 438 सीटों पर मतदान हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *