लालकिले पर यज्ञ: डोकलाम, वाघा, पुंछ, सियाचीन से मिट्टी मंगा रही बीजेपी, कहा- वहां बहा शहीदों का खून

2019 लोकसभा चुनाव से करीब एक साल पहले भाजपा राष्ट्र रक्षा महायज्ञ करने जा रही है। यह महायज्ञ लाल किला परिसर में होगा। इससे पहले बुधवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इंडिया गेट से जल-मिट्टी रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद महेश गिरी इस राष्ट्र रक्षा महायज्ञ के अगुवा हैं। महेश गिरी कहते हैं यज्ञ हमारे शत्रु के विनाश के लिए है। चाहे वह भीतरी शत्रु हो या बाहरी शत्रु, जो भी देश का बुरा चाह रहा है, उसका इस यज्ञ से विनाश होगा। देश भर की जनता इस यज्ञ में हिस्सा लेगी। महेश गिरी ने बताया कि इस महायज्ञ के लिए यह रथ कश्मीर, लद्दाख, डोकलाम की सरहद के साथ देश के हर प्रांत से जहां हमारे शहीदों का खून बहा वहां से मिट्टी लाएगा। महेश गिरी ने कहा कि इस बारे में ITBP से भी मदद ली जा रही है। मिट्टी के साथ ही प्रमुख तीर्थ स्थलों और चारों धाम से जल भी लाया जाएगा। पूरे देश से देशी घी भी एकत्र होगा।

बता दें कि ये राष्ट्र रक्षा महायज्ञ 18 से 25 मार्च तक होगा। बुधवार को इंडिया गेट से जल-मिट्टी रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, ‘यह रथ यात्रा राष्ट्र निर्माण के लिए निकाली जा रही है। हम दूसरे देशों में रहने वाले लोगों के दिलों में दहशत पैदा करने के लिए बलवान नहीं बनना चाहते हैं, बल्कि हम विश्व गुरु बनना चाहते हैं।’

राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि, ‘इस रथ यात्रा के जरिए देश की सीमाओं की मिट्टी और चारों धाम का जल लेकर आएंगे। हम देश की एकता-अखण्डता के लिए यह कर रहे हैं। हम पूरे विश्व के कल्याण के लिए भी काम करते हैं। हमारा देश विश्व में वसुधैव कुटुम्बकम की बात करता है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *