लोगों के सामने टशन मारने को भाड़े पर लाया था शेर का बच्चा, सेल्फियां पोस्ट कीं तो पुलिस ने किया गिरफ्तार

फ्रांस में एक शख्स को भाड़े पर शेर लेने के चक्कर में पुलिस ने पकड़ लिया। शख्स ने लोगों के सामने टशन मारने के लिए उसे किसी से भाड़े पर लिया था। वह उसके साथ अपनी सेल्फियां खींच कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था। इधर, शेर का बच्चा गायब होने की खबर शिकायत के पास पहुंची। जांच के वक्त पुलिस की नजर उन तस्वीरों पर पड़ी, तो मामला बुधवार को सामने आया। फिलहाल शेर का बच्चा पशुओं के अधिकारों के लिए काम करने वाले एक संगठन की देखरेख में है। मंगलवार को पूर्वी पेरिस में उस शख्स को तो पकड़ लिया गया। मगर उसने शेर का बच्चा किसी और के यहां छोड़ दिया था। वह शहर के उत्तरी पूर्वी हिस्से में पड़ने वाले एक अपार्टमेंट में था। बाद में वह वहां के अग्निशमन विभाग को मिला, जिसे जानवरों के लिए काम करने वाले एक संगठन के हवाले किया गया है। वहीं, उस शख्स पर जंगली जानवर को अवैध तरीके से रखने का आरोप लगा है।

फेसबुक पर 10 अक्टूबर को पेरिस के अग्निशमन विभाग ने Pompiers de Paris नाम के पेज पर उस शेर के बच्चे की कुछ तस्वीरें साझा कीं। कैप्शन में लिखा गया कि यह याद दिलाना जरूरी है कि जंगली जानवर पालतू या फिर खिलौने नहीं होते। यह पहला मामला नहीं है, जिसमें फ्रांस की राजधानी से शेर के बच्चा गायब हुआ हो। साल 2016 में भी एक बाघ का बच्चा इसी तरह गायब हो गया था। ड्रग माफिया ने तब उसे कुछ घंटों के लिए किसी को फोटो खींचने के लिए भाड़े पर दिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *