वह पत्नी को पेड़ से बांधकर पीटता रहा, लोग तमाशबीन बने रहे

यहां के स्याना इलाके में बीती 10 मार्च को एक महिला को पेड़ से बांधकर पिटाई करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को पीड़ित महिला से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस शर्मनाक वारदात में शामिल लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट डॉ रोशन जैकब ने पीड़ित महिला को कांशीराम आवासीय योजना के तहत आवास आबंटित किए जाने और महिला के इलाज और आर्थिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपए की धनराशि दिए जाने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, इलाके के लोंगा गांव की रहने वाली एक महिला पर गांव के लोगों ने एक युवक से अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए बीती 10 मार्च को उसे पेड़ से बंधवाकर उसके पति से खुलेआम बेरहमी से पिटवाया था।

पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी हुई थी। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ रपट दर्ज कर महिला के पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इलाके के लोंगा गांव के रहने वाले शोदान की पत्नी 22 फरवरी को गांव के ही रहने वाले धर्मेंद्र के साथ कहीं चली गई थी। कुछ दिन बाद गांव के हंसराज, एनहार सिंह और वीरपाल, दोनों को लेकर गांव आ गए थे। 10 मार्च की सुबह गांव के पूर्व प्रधान समेत कई लोगों ने महिला के धर्मेंद्र से अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए शोदान (महिला का पति) को उसकी पिटाई करने के लिए उकसाया। इसके बाद महिला को एक पेड़ से बांधने के बाद बेरहमी से उसकी पिटाई की गई। इस दौरान महिला रहम की भीख मांगती रही। लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा।

सुबह सात बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक महिला की पिटाई होती रही। महिला मदद के लिए चिल्लाती रही। लेकिन लोग मूकदर्शक बने रहे। पूर्व प्रधान शेरसिंह ने पूरी वारदात अपने मोबाइल में कैद कर ली थी। घटना के बाद महिला को उसके घर में नजरबंद कर दिया गया। बीती 21 मार्च को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार देर रात महिला के पति समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

शुक्रवार को जिला मजिस्ट्रेट डॉ रोशन जैकब व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी ने पीड़ित महिला से मुलाकात कर मामले की विस्तृत जानकारी ली। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि घटना में शामिल 3 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी आरोपियों को जल्द ही जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि घटना को देखने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट डॉ रोशन जैकब ने पीड़ित महिला को कांशीराम आवासीय योजना के तहत आवास आबंटित किए जाने और महिला का इलाज और आर्थिक सहायता के रूप में रेड क्रॉस सोसाइटी से 50 हजार रुपए की धनराशि दिए जाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *