वीडियो: बीजेपी नेताओं से तीखी बहस के बीच बोले अरविंद केजरीवाल- अरे चाय तो पी लो

राजधानी दिल्ली में सीलिंग अभियान को रोकने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के बीच मंगलवार (30 जनवरी, 2018) को सीएम आवास पर हुई बैठक बेनतीजा रही। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। मामले में केजरीवाल ने कहा, ‘हमारे सभी विधायक और पार्षद भाजपा प्रतिनिधिमंडल (दिल्ली भाजपा इकाई प्रमुख मनोज तिवारी के नेतृत्व में) के साथ बैठक के लिए इकट्ठा हुए थे। उन्होंने सभी के सामने चर्चा करने से इंकार कर दिया।’ केजरीवाल ने दावा किया बुलाई गई बैठक में उन्होंने कहा, ‘इस बारे में कुछ भी गोपनीय नहीं है। यह कोई व्यक्तिगत मुद्दा नहीं है। यह एक सार्वजनिक मामला है। मैंने उनसे साथ बैठकर चर्चा करने और सीलिंग अभियान का समाधान ढूंढने की विनती की। लेकिन वे चले गए।’

उन्होंने आगे कहा, ‘यह बहुत अच्छा अवसर था। दोनों राजनीतिक पार्टियां इस मामले पर चर्चा कर सकती थीं और उसके बाद समाधान सुझाने के लिए उपराज्यपाल से संपर्क कर सकती थीं। मैं दुखी हूं क्योंकि भाजपा ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया।’ दूसरी तरफ सोशल मीडिया में इस बैठक का एक हिस्सा तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हो रही तीखी नोकझोंक हो रही है। इसमें केजरीवाल भाजपा प्रतिनिधिमंडल से कहते हुए नजर आ रहे हैं, ‘जैसा कहोगे वैसे कर लेंगे। बैठो तो सही! अरे…चाय तो पी लो बैठ के यार।’

असफल बैठक के बाद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार चल रहे सीलिंग अभियान पर ‘अस्थायी रोक’ लगाने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। दूसरी तरफ मामले में भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रतिनिधि मंडल इसलिए बैठक से बाहर आ गया क्योंकि केजरीवाल ने इसे ‘सार्वजनिक रैली’ में बदल दिया था। तिवारी ने आरोप लगाया, ‘हमने उनके खतरनाक इरादे को भांपते हुए यह महसूस किया कि वह इस समस्या का हल निकालने के इच्छुक नहीं हैं।’

वहीं दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि आप के कार्यकर्ता भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की करने लगे थे। उन्होंने इस संबंध में आप के विधायकों और अन्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *