शत्रुघ्‍न सिन्‍हा के घर पर तैनात पुलिस कांस्‍टेबल ने चलाई गोली

बॉलीवुड अभिनेता और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के मुंबई स्थित आवास पर शनिवार (28 जुलाई) की शाम को अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब लोग भागकर मौके पर पहुंचे तो पता चला कि ये फायर उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी की सर्विस गन से गलती से हुआ था। तब लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई है।

ये वाकया सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के मुंबई वाले निवास पर हुआ। ये निवास मुंबई के पश्चिम में स्थित उपनगर जुहू में स्थित है। पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि जब सांसद की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल अपने हथियार को चेक कर रहा था। उसी वक्त उससे गलती से फायर हो गया। गोली चलने के वक्त कोई भी आसपास नहीं था, वरना बड़ा हादसा भी हो सकता था।

वैसे बता दें कि 72 साल के शत्रुघ्न सिन्हा बिहार की पटना साहिब सीट से सांसद हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। वह जुहू में आठवीं मंजिल पर एक आलीशान फ्लैट में रहते हैं। वह जिस इमारत में रहते हैं, उसका नाम रामायण है। सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की सुरक्षा में हाल ही में इजाफा किया गया था। बीते 13 जुलाई को गृह मंत्रालय की सुरक्षा समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की जान को खतरा हो सकता है।

इसके बाद गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र और बिहार सरकार को पत्र लिखकर सांसद की सुरक्षा के इंतजाम करने के लिए कहा था। सांसद के कद और खतरे को देखते हुए उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुहैया करवाई गई है। इस सुरक्षा श्रेणी के तहत 11 सुरक्षाकर्मी हर वक्त सांसद सिन्हा की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को बॉलीवुड में शॉटगन के नाम से भी बुलाया जाता है। जबकि राजनीति में वह पीएम मोदी की नीतियों के मुखर विरोधी माने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *