शहीद पुलिसकर्मी के शव को कंधा देने पहुंचे शिवराज, 1 करोड़ मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अमृत लाल भिलाला के शव को कंधा दिया। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि अमृत लाल को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। बता दें कि बीते दिनों अमृत लाल ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद 10 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को भोपाल में डीआरपी लाइन नेहरू नगर में अमृत लाल का अंतिम संस्कार किया गया, जहां सीएम शिवराज भी पहुंचे और उन्होंने अमृत लाल के शव को कंधा भी दिया।

इसके साथ ही उन्होंने शहीद पुलिसकर्मी के परिवार को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा देने का भी ऐलान किया। शिवराज ने कहा कि अमृत लाल की स्मृति में उनकी स्मारक भी बनवाई जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने डीआरपी लाइन नेहरू नगर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शुक्रवार को कहा है कि सहायक उप निरीक्षक स्वर्गीय अमृत लाल भिलाला को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। उनके परिजनों को सम्मान निधि स्वरूप एक करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

भिलाला की स्मृति में प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। परिवार के एक सदस्य को शासकीय सेवा दिए जाने के संबंध में भी विचार किया जायेगा। भिलाला की पत्नी रंभा बाई को पेंशन आदि अन्य सुविधाएं नियमानुसार प्राप्त होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “भिलाला कर्तव्य पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए हैं। दुख की इस घड़ी में परिजनों के साथ पूरा प्रदेश खड़ा है।” उन्होंने कहा कि घटना के अपराधियों को कड़ी सजा मिले। इसके लिए तत्परता से कार्यवाही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *