सीता का किरदार निभाकर मशहूर हुईं दीपिका इस फिल्म के जरिए करने वाली हैं फिल्मों में वापसी

90 के दशक में आई रामानंद सागर की रामायण तो आपको याद ही होगी। जिसे देखने के लिए लोग इतने बेसब्रे रहते थे कि सब कामकाज छोड़कर अपनी टीवी स्क्रिन के सामने बैठ जाते थे। इस शो में दीपिका चिखलिया ने देवी सीता का यादगार किरदार निभाया था। इस रोल ने उन्हें घर-घर में पहचाना जाने वाला चेहरा बना दिया था। इसके बाद उन्होंने राज किरण के साथ फिल्म सुन मेरी लैला के जरिए बॉलीवुड में सफल डेब्यू किया था।

पहली फिल्म की सफलता उन्हें बॉलीवुड में वो मुकाम नहीं दिला पाई जिसकी उन्हें चाहत थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया।अब सालों बाद दीपिका फिल्म इंडस्ट्री में कमबैक करने वाली हैं। उनकी इस फिल्म का नाम गालिब है जिसमें वो गालिब की मां का किरदार निभाएंगी। फिल्म की कहानी अफजल गुरु के बेटे गालिब गुरु पर आधारित है।

एक्ट्रेस ने गुजराती कॉस्मैटिक बिजनेसमैन हेमंत टोपीवाला से शादी करने के बाद किसी भी शो या फिल्म में काम नहीं किया था। वो अपने पति के ही बिजनेस में हाथ बंटाने लगी थीं। उनकी दो बेटियां निधि और जूही हैं। हाल ही में आपने दीपिका को कलर्स गुजराती शो छूटा छेड़ा सीजन 2 को होस्ट करते हुए देखा होगा। यह शो असल जोड़ियों की जिंदगी में आने वाली समस्याओं को दूर करने की कोशिश करता था।

रामायण के जरिए मिली लोकप्रियता के बाद दीपिका ने राजनीति में भी हाथ आजामाया था। जिसमें उन्होंने वडोदरा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल करके सांसद बनी थीं। एक्ट्रेस इस समय मुंबई में रहती हैं और वे जल्द ही अपनी फिल्म की शूटिंग शुरु करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *