सुप्रीम कोर्ट की जज बनीं इंदु मल्होत्रा, अब 25 हुई न्यायाधीशों की संख्या, जस्टिस दीपक मिश्रा ने दिलाई शपथ

प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा ने आज वरिष्ठ अधिवक्ता इन्दु मल्होत्रा को शीर्ष अदालत की न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इन्दु मल्होत्रा को बार से उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश का पद ग्रहण करने वाली पहली महिला होने का गौरव प्राप्त हुआ है। मल्होत्रा के न्यायाधीश का पद ग्रहण करने के साथ ही उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या अब 25 हो गयी है। शीर्ष अदालत में प्रधान न्यायाधीश सहित कुल न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों की संख्या 31 है।
प्रधान न्यायाधीश ने अपने न्यायालय कक्ष में 61 वर्षीय मल्होत्रा को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर शीर्ष अदालत के सभी न्यायाधीश , विधि अधिकारी , उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में वकील भी मौजूद थे।

उच्चतम न्यायालय के 67 साल के इतिहास में न्यायमूर्ति मल्होत्रा सातवीं महिला न्यायाधीश हैं। न्यायालय में यह तीसरा अवसर है जब एक समय में दो महिला न्यायाधीश पदासीन हैं। इससे पहले , न्यायमूर्ति ज्ञान सुधा मिश्रा और न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई और इसके बाद न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई और न्यायमूर्ति आर भानुमति एक साथ शीर्ष अदालत में थीं। अब न्यायमूर्ति भानुमति और न्यायमूर्ति मल्होत्रा हैं।

शीर्ष अदालत की कोलेजियम ने 10 जनवरी को मल्होत्रा और उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के एम जोसफ को उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की थी। लेकिन सरकार ने मल्होत्रा के नाम को मंजूरी देते हुये न्यायमूर्ति जोसफ की फाइल पुन : विचार के लिये लौटा दी थी।
मल्होत्रा ने 1983 में वकालत शुरू की और उन्होंने 1988 में उच्चतम न्यायालय की एडवोकेट आन रिकार्ड परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्हें 2007 में शीर्ष अदालत ने वरिष्ठ अधिवक्ता मनोनीत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *