सेहत- भोजन और स्वास्थ्य

भोजन में सिर्फ उचित मात्रा में पोषक तत्त्व शामिल कर लेने से स्वास्थ्य ठीक रहने का भरोसा नहीं किया जा सकता। स्वास्थ्य संबंधी अनेक परेशानियां भोजन करते समय उचित सावधानी न बरतने की वजह से पैदा होती हैं। इसी तरह भोजन के बाद टहलने को लेकर सही जानकारी न होने से भी कई परेशानियां पैदा होती हैं।

भोजन मुंह में प्रवेश करता है, तब लार भोजन में उपस्थित स्टार्च को छोटे-छोटे कणों में तोड़ने लगती है। इसके बाद आहार इसोफैगस यानी भोजन नली से होता हुआ पेट में जाता है, जहां पेट की अंदरूनी परत भोजन को पचाने के लिए पाचक रस यानी डाइजेस्टिव जूसेज बनाती है। इसमें से एक स्टमक एसिड है। कई लोगों में निचली भोजन नली ठीक से बंद नहीं होती। अक्सर खुली रह जाती है, जिससे पेट का रसायन वापस बह कर इसोफैगस में चला जाता है। इससे छाती में दर्द और तेज जलन होती है। इसे ही जीईआरडी या एसिड रिफ्लक्स कहते हैं। कभी न कभी हर किसी को इस समस्या का सामना करना पड़ जाता है।
शहरी जीवन में लोग इतने व्यस्त हो गए हैं कि वे न तो समय पर भोजन कर पाते हैं और न उनका सोने-जागने का समय निश्चित रह पाता है। दफ्तर के लिए निकलते समय हड़बड़ी में उटपटांग तरीके से कुछ नाश्ता कर लेते हैं। गाड़ी चलाते हुए खाते चलते हैं। खाना खाने के तुरंत बाद सो जाते हैं। इन सब कारणों से सेहत बिगड़ती है। जबकि तमाम व्यस्तताओं के बीच अगर अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें तो आसानी से स्वस्थ जीवन जीया जा सकता है।

सावधानियां

’ तरल पदार्थ न लें : भोजन से आधा घंटा पहले और बाद में या भोजन के दौरान कोई तरल पदार्थ न लें। फिजियोलॉजी यानी शरीर विज्ञान कहता है कि खाने से आधा घंटा पहले, बाद में या भोजन करते समय अगर हम कोई तरल पदार्थ पीते हैं तो हमारे शरीर के पाचक रसायन यानी डाइजेस्टिव जूसेज उसमें घुल जाते हैं और भोजन को पचने में वक्त लगता है।
’ चबा-चबा कर खाएं : भोजन के पचने की प्रक्रिया मुंह से ही शुरू हो जाती है। हम उसे जितना चबाते हैं, उसे पचाने में उतनी ही आसानी होती है।
’ भोजन के तुरंत बाद कभी न सोएं : अधिकतर लोग भोजन के तुरंत बाद लेट जाते या फिर सो जाते हैं। स्वास्थ्य के नजरिए से भोजन के बाद तुरंत सोने से खाना पचाने के लिए पाचन क्रिया को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। और फिर अपच, वजन बढ़ने जैसी समस्याए होने लगती हैं।
’ भोजन के तुरंत बाद न नहाएं : विशेषज्ञों का कहना है भोजन के तुरंत बाद नहाने से शरीर का तापमान कम हो जाता है। वैसे भोजन के बाद रक्त का प्रवाह पाचन क्रिया की ओर होना चाहिए, लेकिन नहाने से रक्त प्रवाह त्वचा की ओर होने लगती है, जिससे पाचन क्रिया बिगड़ जाती है।
’ भोजन के बाद धूम्रपान न करें : धूम्रपान करने वालों को खाने के तुरंत बाद सिगरेट पीने की तलब लगती है। खाना खाने के तुरंत बाद धूम्रपान करने से टार और निकोटीन की वजह से पेट में अल्सर की समस्या हो सकती है।
’ भोजन के तुरंत बाद फल न खाएं : विशेषज्ञों का कहना है दोपहर या रात के भोजन के बाद फल खाने पर उनका पाचन देर से होता है, जिसके चलते गैस, अपच, जलन एसिडिटी जैसी समस्याएं होने लगती हैं।
’ खाने के तुरंत बाद न टहलें : खाना खाने के बाद टहलना अच्छी आदत है, लेकिन कम से कम भोजन के बीस से पच्चीस मिनट बाद टहलना शुरू करना चाहिए। इससे खाना आराम से पच जाएगा।
’ खाने के बाद बेल्ट ढीली न करें : खाने के बाद अक्सर लोग अपनी बेल्ट ढीली कर लेते हैं। हर बार खाने के बाद अगर आप ऐसा करते रहे, तो कमर का आकार बढ़ जाएगा और तोंद निकल आएगी। बेल्ट हमारे पेट की मांसपेशियों को बांध कर रखती है, जिससे उसका आकार खराब नहीं होता।
’ खाने के बाद चाय-कॉफी न लें : कुछ लोग खाने के साथ या खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीते हैं। यह बुरी आदत है। चाय में पोलीफेनोल और टैनिन्स होते हैं, जो शरीर में आयरन के अवशोषण को रोक देते हैं। महिलाओं को आयरन की बेहद जरूरत होती है। ऐसे में जिन महिलाओं में आयरन की पहले से कमी है, उनकी यह आदत बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है।
’ गरम पानी पीएं : गरम पानी पीने से पाचन क्रिया ठीक रहती है। यह खाने को जल्दी तोड़ देता है, जिसकी वजह से खाना पचने में कम समय लेता है। इसलिए खाने के बाद हमेशा हल्का गुनगुना या गरम पानी ही पीना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *