हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने कहा- स्कूलों में गीता पढ़वाने के अच्छे नतीजे आए, अब गायत्री मंत्र पढ़वाएंगे

हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा मे शुक्रवार (23 फरवरी) को कहा कि राज्य के स्कूलों में सुबह होने वाली प्रार्थना में गायत्री मंत्र जोड़ा जाएगा। पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनने के तुरंत बाद स्कूलों के पाठ्यक्रम में गीता के श्लोक जोड़े गए थे। उन्होंने कहा- ”इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अब, हम स्कूलों की प्रार्थना सभा में गायत्री मंत्री जोड़ने जा रहे हैं ताकि बच्चे इसका मतलब समझ सकें।” राम बिलास शर्मा ने दावा किया कि हरियाणा में गीता, गाय और सरस्वती की तरह गायत्री मंत्र का भी स्वागत किया जाएगा। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के अध्यक्ष वजीर सिंह ने दावा किया कि राज्य के ज्यादातर स्कूलों में गायत्री मंत्र पहले से ही सुबह की प्रार्थना सभा का हिस्सा था। उन्होंने कहा- “हम एक धर्मनिरपेक्ष देश में रह रहे हैं और सभी धर्मों के अभ्यास को समान महत्व दिया जाना चाहिए। सरकार को शिक्षकों की भर्ती और स्कूलों के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।

हरियाणा सरकार का मानना है कि स्कूलों में गायत्री मंत्र शुरू करके वहां माहौल अच्छा होगा और बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। शिक्षा निदेशालय ने गायत्री मंत्र को लागू करने के संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य के सरकारी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना गायत्री मंत्र से शुरू होगी और राष्ट्रगान के साथ ही प्रार्थना समाप्त होगी। शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी स्कूलों को रोजाना 20 मिनट की प्रार्थना नियमानुसार करवाने का आदेश जारी किया है।

बता दें कि पिछले साल हरियाणा में इंटरनेशनल गीता फेस्टिवल भी आयोजित किया गया था, 25 नवंबर से 5 दिसंबर के बीच आयोजित हुए इस फेस्टिवल को लेकर सरकार पर गड़बड़ियों के आरोप लगे थे। एक आरटीआई के जरिये फेस्टीवल से जुड़ी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई थी। आरटीआई से पता चला था कि फेस्टिवल में आए वीवीआईपी अतिथियों को भेंट की गईं गीता की 10 कॉपियां सरकार ने 3.8 लाख रुपए में खरीदी थीं। गीता की एक कॉपी का मूल्य 38 हजार रुपए बताया गया था। इतनी महंगी गीता खरीदने पर विपक्षी पार्टियों ने सरकार की कड़ी आलोचना की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *