हिमाचल प्रदेश चुनाव: रैली में बोले पीएम नरेंद्र मोदी- एक बात का दुख रहेगा कि मजा नहीं आ रहा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (5 नवंबर) को हिमाचल प्रदेश के ऊना में चुनावी रैली की। राज्‍य में सत्‍ताधारी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि ”मुझे इस चुनाव में एक बात का दुख रहेगा, मजा नहीं आ रहा है। कांग्रेस पार्टी मैदान छोड़कर भाग गयी है, क्योंकि इस बार हिमाचल की जनता ने कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना लिया है।” मोदी ने आगे कहा कि ‘अब कोई भी पंजा देश के गरीब का हक नहीं छीन सकता है।’ मोदी ने कहा, ”हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार हिमाचल में उत्तम से उत्तम रोड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्‍होंने कहा कि ‘देश का विकास इस बात पर निर्भर करता है कि हम देश का चहुंमुखी विकास कर देश के हर व्यक्ति तक कैसे पहुंचाएं और यही हमारी प्राथमिकता है।’ मोदी ने कहा कि ‘जिन लोगों ने देश को लूटा है वो बचने वाले नहीं है, कानून अपना काम करेगा और हर किसी को जवाब देना पड़ेगा।’

हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 18 दिसंबर को गुजरात चुनाव के साथ राज्य के नतीजे घोषित किए जाएंगे। शनिवार को मोदी ने कांग्रेस की तुलना ‘दीमक’ से करते हुए कहा था कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को निकाल फेंकना चाहिए। कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चांबी में एक चुनावी सभा में मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सोच भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘दीमक’ की तरह खतरनाक है। उन्होंने कहा, “चूंकि यह सोच कांग्रेस में तीन-चार पीढ़ियों से है, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि ऐसी पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंका जाए। सभी मतदाता केंद्रों से कांग्रेस का सफाया दीमक की तरह कर देना चाहिए क्योंकि यह भारत को खा रहा है।”

कांग्रेस को नोटबंदी की आलोचना के लिए आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा, “वे लोग 8 नवंबर काला दिवस के रूप में मनाएंगे और मेरा पुतला जलाएंगे। वे यह नहीं जानते हैं कि मोदी, सरदार पटेल का अनुयायी है और उसे झुकाया नहीं जा सकता।” मोदी ने कहा, “मैं यहां आपको भाजपा को जिताने के लिए कहने नहीं आया हूं। मैं यहां आपसे तीन-चौथाई बहुमत देने के लिए कहने आया हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *