हिमाचल प्रदेश में दो चुनावी रैलियां करेंगी सोनिया गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अगले महीने होने जा रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगी। सूबे में उनकी दो चुनावी रैली आयोजित करने की तैयारी है। पार्टी की ओर से प्रदेश में चुनाव प्रचार करने के लिए तैयार की गई। स्टार प्रचारकों की फेहरिस्त में सोनिया और राहुल गांधी समेत पार्टी के 40 प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की प्रभारी सचिव व पार्टी सांसद रंजीता रंजन ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सूबे में पार्टी उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगी। उन्होंने बताया कि उनके चुनावी दौरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उनके हिमाचल दौरे का कार्यक्रम जल्द ही सार्वजनिक कर दिया जाएगा। अन्य पार्टी नेताओं का भी कहना है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की ओर से मांग की गई
है कि प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष की कम से कम दो रैलियों का आयोजन किया जाए ताकि उनका संदेश ज्यादा से ज्यादा सीटों तक पहुंचाया जा सके।

कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश के लिए जारी 40 स्टार प्रचारकों की सूची में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस महासचिव सुशील कुमार शिंदे, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, आनंद शर्मा, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, हिमाचल के कांग्रेसी मुखिया सुखविंदर सिंह सुक्खू, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, भंवर जितेंद्र सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज बब्बर, रंजीता रंजन, प्रमोद तिवारी, प्रताप सिंह बाजवा, सुनील जाखड़, मनीष तिवारी, नवजोत सिंह सिद्धू, अमरिंदर सिंह राजा बराड़, विजय इंद्र सिंगला, गौरव गोगोई, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव, अशांक तंवर, जीएस बाली, कौल सिंह ठाकुर, प्रीतम सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, मनप्रीत सिंह बादल, मदनलाल शर्मा, जयवीर शेरगिल और कैलाशो सैनी के नाम शामिल हैं। कांग्रेसी सूरमाओं की इस फेहरिस्त से साफ है कि सियासी गलियारों में भले ऐसी चर्चा हो कि कांग्रेस के लिए हिमाचल से ज्यादा महत्त्वपूर्ण गुजरात के चुनाव हैं लेकिन पार्टी हिमाचल प्रदेश के चुनाव को जीतने के लिए भी कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *