18 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू करने वाले पूर्व क्रिकेटर मिल्खा सिंह की मौत

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी ए.जी. मिल्खा सिंह के निधन पर शोक जताया। ए.जी.मिल्खा सिंह का चेन्नई के एक अस्पताल में शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 75 साल के थे। मिल्खा सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उन्होंने 60 के दशक में चार टेस्ट मैच खेले थे।

मिल्खा सिंह के बड़े भाई कृपाल सिंह ने भी भारतीय टीम के लिए अपने करियर में 14 टेस्ट मैच खेले। दोनों भाइयों ने 1961-62 में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम के लिए एक टेस्ट मैच साथ खेला था।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, “बोर्ड पूर्व टेस्ट क्रिकेट खिलाड़ी मिल्खा सिंह के निधन पर शोक जताता है। सिंह ने टीम के लिए चार टेस्ट मैच खेले थे। उन्होंने 18 साल की उम्र में ही भारत के लिए पदार्पण किया था।” चेन्नई में जन्मे मिल्खा सिंह ने मद्रास (वर्तमान में तमिलनाडु) के लिए 88 प्रथम श्रेणी के मैच खेले थे और कुल 4324 बनाए थे। इसमें आठ शतक और 27 अर्धशतक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *