नौ इलेक्टोरल ट्रस्ट ने चार साल में राजनीतिक दलों को 637.54 करोड़ रुपए का चंदा दिया सबसे अधिक चंदा भाजपा को

नौ चुनावी न्यासों (इलेक्टोरल ट्रस्ट) ने 2013-14 से 2016-17 के दौरान चार साल में राजनीतिक दलों को 637.54 करोड़ रुपए का चंदा दिया है। सबसे अधिक 488.94 करोड़ रुपए का चंदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिला है। उसके बाद कांग्रेस को 86.65 करोड़ रुपए का चंदा मिला है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट के अनुसार चुनावी न्यासों द्वारा दिए गए कुल चंदे में से 92.30 फीसद यानी 588.44 करोड़ रुपए पांच राष्ट्रीय राजनीतिक दलों की जेब में गए हैं वहीं क्षेत्रीय दलों के खाते में सिर्फ 7.70 फीसद या 49.09 करोड़ रुपए की राशि गई है। राष्ट्रीय दलों में सबसे अधिक 488.94 करोड़ रुपए का चंदा भाजपा को मिला है। उसके कांग्रेस का नंबर रहा है। कांग्रेस को 86.65 करोड़ रुपए का चंदा मिला है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सिर्फ भाजपा और कांग्रेस ही दो ऐसी पार्टियां हैं जिन्हें प्रत्येक वित्तीय साल में चंदा मिला है।

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार 2013-14 में चुनावी न्यासों ने राजनीतिक दलों को 85.37 करोड़ रुपए का चंदा दिया। 2014-15 में यह आंकड़ा 177.40 करोड़ रुपए, 2015-16 में 49.50 करोड़ रुपए और 2016-17 में 325.27 करोड़ रुपए रहा। इसमें कहा गया है कि 2013-14 से 2016-17 के दौरान नौ पंजीकृत इलेक्टोरल ट्रस्टों ने कुल 637.54 करोड़ रुपए का चंदा दिया। इनमें से सिर्फ दो न्यासों प्रूडेंट और समाज इलेक्टोरल ट्रस्ट ने दो बार से अधिक चंदा दिया।
कुल पंजीकृत 21 चुनावी न्यासों में से 14 अपने पंजीकरण के बाद से उनके द्वारा दिए गए चंदे की रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को दे रहे हैं। सत्या-प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट और जनहित इलेक्टोरल ट्रस्ट ने चारों साल के लिए अपने योगदान का ब्योरा दिया है। सत्या इलेक्टोरल ट्रस्ट ने 2016-17 के दौरान अपना नाम बदलकर प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *