ओवैसी की पार्टी का ऐलान- योगी आद‍ित्‍य नाथ को नहीं घुसने देंगे आगरा, प्रशासन ने हटवाया होर्ड‍िंंग

उत्तर प्रदेश के एमजी रोड पर एक ऐसा होर्डिंग लगाया गया जिसे देखकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता दंग रह गए। हालांकि शिकायत के बाद होर्डिंग हटवा लिया गया है। होर्डिंग मामले में भाजपा नेता मांग कर रहे हैं कि इसे लगाने वाले के खिलाफ देशद्रोह का मामला द्रज होना चाहिए। दरअसल एमजी रोड पर जो होर्डिंग लगाया गया है वो हैदराबाद से सांसद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी का है। खबर के अनुसार होर्डिंग पार्टी के जिलाध्यक्ष इदरीस अली ने लगाया था। जिस पर लिखा था, ‘योगी सरकार ने भारत का अपमान किया है। इसलिए अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कभी आगरा ना आएं। विश्व में भारत की एक पहचान ताजमहल भी है। जो सरकार ताजमहल के साथ नहीं वो भारत के साथ नहीं। पर्यटन बुकलेट से ताजमहल का नाम हटाकर योगी सरकार ने संपूर्ण विश्व में भारत का अपमान किया है। ये किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं। इसे लेकर जल्द ही एक विशाल जन-आंदोलन होगा।’ होर्डिंग पर बाईं तरफ इदरीस अली की फोटो लगी है जबकि दाईं तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की।

मामले में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कुंवर शैलराज सिंह एडवोकेट ने होर्डिंग पर नाराजगी जताई है। उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी को बुलाकर होर्डिंग लगाने वाले की खिलाफ जिलाधिकारी गौरव दयाल, एडीएम सिटी केपी सिंह, कलक्ट्रेट के नाजिर और थानाध्यक्ष नाई की मंडी से शिकायत की। साथ ही मांग की कि यह होर्डिंग तुरंत हटाया जाए। बाद एडीएम सिटी के नेतृत्व में यह होर्डिंग हटा दिया गया। मामले में कुंवर शैलराज सिंह का कहना है कि हमने एडीएम सिटी को बताया है कि यहां माहौल खराब करने का कोशिश की जा रही है। एसएसपी और डीएम कार्यालय के सामने ऐसा होर्डिंग लग जाना योगी सरकार में दुर्भाग्यपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *