डेढ़ साल बाद भी एक इंच आगे नहीं बढ़ी भागलपुर स्मार्ट सिटी की योजना, मुख्यमंत्री का सात निश्चय भी अधूरा

बिहार के नगर विकास और आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने माना कि डेढ़ साल पहले घोषित स्मार्ट सिटी भागलपुर को स्मार्ट बनाने की कोई भी योजना अबतक धरातल पर नहीं उतर सकी है। वो इसी सिलसिले और जिले की सभी नगर निकायों की समीक्षा कर समस्याओं से रू-ब-रू होने भागलपुर आए थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि त्योहार के बाद वे पटना से इंजीनियरों की एक टीम इसके आंकलन के लिए भेजेंगे। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ टीम समस्याओं का उपाय भी सुझाएगी।

शर्मा ने कहा कि दिसंबर के अंत तक भागलपुर की बुनियादी समस्याओं में सुधार होता दिखेगा। फिलहाल नालियों, आउटलेट बड़े नाले, पीने के पानी के इंतजाम और कचरा नियंत्रण की व्यवस्था किसी भी हालत में संतोषजनक नहीं कही जा सकती है। सात निश्चय का काम भी धीमा है। पीने के पानी की पाइप लाइन दुरुस्त व विस्तारीकरण करने का काम सरकार ने पैन इंडिया को दिया था। उसे 420 किलोमीटर पाइप बिछाना था मगर वह एक चौथाई काम ही कर पाया है। काम की गति तीन साल के दौरान काफी धीमी रही। इसे कतई सही नहीं माना जा सकता।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि बोरिंग से बेहतर गंगा जल को शुद्ध कर शहर में पीने के लिए आपूर्ति किया जाएगा। इस मुद्दे पर पर सरकार गहनता से विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए योजना बनाने को कहा गया है। यह एक बढ़िया पहल साबित होगी। राज्य स्तर पर स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन की योजना तैयार हो रही है। भागलपुर में कचरा प्रबंधन का बुरा हाल है। डंपिंग ग्राउंड तक नहीं है। इस बात को मंत्रीजी ने भी माना और बोले कि कचरा से जैविक खाद बनाने की योजना है। पटना और मुजफ्फरपुर में यह काम शुरू हो चुका है। इससे कचरा और गंदगी से निजात मिलेगी और किसानों को सस्ती खाद मुहैया कराई जा सकेगी।

नगर विकास मंत्री ने नगर निकायों को टैक्स की वसूली सौ फीसदी करने और अपने संसाधन जुटाने पर भी जोर दिया। टैक्स की बढ़ोतरी से आमदनी बढ़ाने के बजाए बेहतर सुविधा देकर टैक्स वसूली ज्यादा से ज्यादा करने की सलाह दी। इस मौके पर महापौर सीमा साह, उप महापौर राजेश वर्मा, ज़िला परिषद के अध्यक्ष टुनटुन साह, देवनारायण पांडे, पवन चौधरी वगैरह मौजूद थे। उसके बाद नगर भाजपा की ओर से अभिनंदन समारोह एक होटल में आयोजित किया गया जिसमें भाजपा के शहरी क्ष्रेत्र के प्रत्याशी अर्जित चौबे और नगर अध्यक्ष अभय कुमार घोष ने उनका स्वागत किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *