भाजपा विधायक संगीत सोम बोले- ताज महल भारतीय संस्कृति पर धब्बा, बनाने वालों ने हिंदुओं का सर्वनाश किया

उत्तर प्रदेश के सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम ने ताज महल को लेकर विवादित बयान दिया है। दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताज को उन्होंने भारतीय संस्कृति पर धब्बा बताया है। रविवार को उन्होंने कहा है कि ताज महल बनाने वाले ने उत्तर प्रदेश और हिंदुस्तान से सभी हिंदुओं का सर्वनाश करने का काम किया था। ऐसों का नाम अगर इतिहास में होगा तो वह बदला जाएगा। राज्य सरकार के पर्यटन विभाग ने बीते दिनों ऐतिहासिक धरोहरों और स्थलों की एक सूची जारी की थी, जिसमें आगरा के ताज महल का नाम नहीं था। बाद में सरकारी की उस पर सफाई आई थी कि वह गलती से उस सूची में शामिल किए जाने से रह गया था। राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया पर योगी सरकार की इस बाबत खूब आलोचना हुई थी।

सोम मेरठ के सिसौली गांव में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में ऐसी एक निशानी, जिसे नहीं कहना चाहिए। बहुत लोगों को बड़ा दर्द हुआ कि आगरा का ताज महल ऐतिहासिक स्थलों में से निकाल दिया गया। कैसा इतिहास, कहां का इतिहास, कौन सा इतिहास? क्या वह इतिहास कि ताज महल बनाने वाले ने अपने बाप को कैद किया था? क्या वह इतिहास कि ताज महल बनाने वाले ने उत्तर प्रदेश और हिंदुस्तान से सभी हिंदुओं का सर्वनाश करने का काम किया था? ऐसे लोगों का नाम अगर आज भी इतिहास में होगा, तो यह दुर्भाग्य की बात है और मैं गारंटी के साथ कह सकता हूं कि इतिहास बदला जाएगा।”

वहीं, बीते महीने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था, “बेशक, ताज महल हम सब के लिए एक सुंदर धरोहर है। लेकिन उसके साथ ही मुझे लगता है कि दुनिया में ऐसा कोई देश नहीं होगा, जहां किसी ने अपने सबसे प्यारे शख्स की याद में इस तरह का स्थल बनवाया हो। वह दुनिया के सात अजूबों में भी गिना जाता है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *