छठ पूजा की तैयारी में दिल्ली सरकार और भाजपा ने झोंकी ताकत

दिल्ली में रहने वाले लाखों पुरबिया परिवारों में तो छठ पूजा की तैयारियां हो ही रही हैं। दिल्ली सरकार और भाजपा नेताओं ने भी इस महापर्व की तैयारियों में जोर लगा रखा है। दिल्ली के विकास मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को छठ पूजा की तैयारियों को लेकर श्यामघाट, जगतपुर गांव, वजीराबाद का दौरा किया। उन्होंने राजस्व विभाग को मंगलवार तक सभी घाटों पर टेंट तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का काम करने सहित घाटों की सफाई, वहां पर चिकित्सा सुविधाएं, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, पेयजल आदि जैसी व्यवस्थाएं पूरी करने का भी निर्देश दिया।

सरकार द्वारा दिल्ली में इस बार कुल 565 जगहों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है जबकि पिछले वर्ष दिल्ली में 268 घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया गया था। उन्होंने सभी लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर, छठ पर्व के सफल आयोजन की अपील की। राय ने सिंचाई, बाढ़ नियत्रण विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को छठपूजा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने सहित गहरे पानी को लेकर सभी जगह सूचना-पट्ट लगाने के भी निर्देश दिए। दूसरी ओर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के आह्वान पर लगातार दूसरे दिन भी सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजधानी के विभिन्न छठ घाटों पर श्रमदान कर घाटों की सफाई की।

इस सफाई अभियान और श्रमदान का शुभारंभ दो दिन पहले तिवारी ने सोनिया विहार दूसरा पुश्ता यमुना तट से किया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कर्मचारियों के साथ मिलकर विभिन्न जगहों पर स्थित छठ घाटों में श्रमदान किया।प्र्रदेश भाजपा द्वारा सोमवार को जारी बयान के अनुसार उत्तर पूर्वी दिल्ली जिले के अध्यक्ष अजय महावर के नेतृत्व में दूसरा पुस्ता सोनिया विहार मैं सोनिया विहार मंडल के कार्यकर्ताओं ने यमुना तटों को साफ किया तो वहीं भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूर्वी दिल्ली के छठ घाटों में श्रमदान कर श्रद्धालुओं का सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *