राजद विधायक व पूर्व मंत्री मुंद्रिका सिंह यादव का निधन

बिहार के पूर्व मंत्री एवं जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक मुंद्रिका सिंह यादव का मंगलवार को इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। 74 वर्षीय मुंद्रिका सिंह यादव के परिवार में पत्नी, 4 पुत्र एवं एक पुत्री हैं। मुंद्रिका सिंह यादव डेंगू से पीड़ित थे। गत सोमवार की सुबह वह अचानक गिर पडे़ और बेहोश हो गए जिसके बाद उन्हें पटना स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यादव के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नीतीश ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि मुंद्रिका सिंह यादव के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन काल में मुंद्रिका जी ने समाजवाद एवं राजनीति के विभिन्न आयामों को मजबूत आधार प्रदान किया था। वे कर्मठ समाजवादी और लोकप्रिय नेता थे। उनका समाजवाद एवं राजनीति के क्षेत्र में अहम योगदान है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। उनके निधन से बिहार को खासकर समाजवाद एवं राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुन्द्रिका जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुंद्रिका सिंह यादव के पुत्र से टेलीफोन पर बात करके उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की भी ईश्वर से प्रार्थना की है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने राजद के प्रधान महासचिव मुंद्रिका सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके निधन से मर्माहत हूँ, उनका निधन हमारे लिए व्यक्तिगत छति है।’’ राजद प्रमुख ने कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति दें, परिजनों को शोक सहन की शक्ति दें। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्वमंत्री तेज प्रताप यादव, राज्यसभा सदस्य मीसा भारती ने भी मुंद्रिका सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *