एमपी: बीजेपी विधायक के पति ने टोलकर्मी को पीटा, सामने आया सीसीटीवी विडियो

मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक संगीता चारेल के पति विजय चारेल द्वारा टोल प्लाजा कर्मचारी से मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। घटना का फुटेज न्यूज एजेंसी एनएनआई ने जारी किया है। वीडियो में विजय टोल प्लाजा कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। उनके साथ चार अन्य शख्स भी नजर आ रहे हैं। घटना रतलाम के बासंनवाड़ा रोड के ग्राम सरलापाड़ा स्थित टोल प्लाजा की बताई जाती है। इसमें ग्राम हरसोला के सरपंच का नाम भी सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक के पति, सरपंच सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार (26 अक्टूबर) रात ग्यारह बजे की है। तब वाहन नहीं निकलने देने पर विधायक के पति और टोल कर्मचारी का विवाद हो गया। विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान विजय चारेल टोल चैंबर में भी दाखिल हो गए थे। उन्होंने टोल प्रभारी अजय खाती सहित तीन कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद सभी आरोपी घटना स्थल से फरार हो गए।

जानकारी के लिए बता दें कि जिस टोल की घटना है वहां ऐसे विवाद अक्सर सामने आते रहे हैं। इस पहले भी स्थानीय दबंग और टोल कर्मियों के बीच विवाद की खबरें सामने आती रही हैं। दूसरी तरफ विजय चारेल ने मामले में सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि उनके ड्राइवर और टोल कर्मचारियों के बीच किसी बात पर कहा सुनी हो गई थी। इस दौरान वो भी वहां से गुजर रहे थे। इसपर उन्होंने वहां रुककर मामला शांत किया। विजय चारेल ने मारपीट की घटना से इनकार किया है। चारेल का कहना है कि टोल कर्मचारियों का स्थानीय वाहनों चालकों के प्रति नजरिया ठीक नहीं रहता है। उनसे पहले भी कहा चा चुके है कि टोल के मामले में वो स्थानीय लोगों को छूट दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *