हमारे देश में कई चीजें अमेरिका से बेहतर हैं, इसलिए लोगों को अपनी सोच बदलने की जरुरत है: उमा भारती

केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रदेश की सड़कों के बारे में दिए गए बहुचर्चित बयान का दृढ़ता से समर्थन करते हुए कहा कि हमारे देश और प्रदेश में कई चीजें अमेरिका से बेहतर हैं, इसलिए लोगों को अपनी सोच (माइंडसेट) बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने मंगलवार को अपने निवास पर मीडिया के साथ चर्चा में कहा कि निश्चित तौर पर मध्य प्रदेश में भोपाल की वीआइपी रोड सहित और भी सड़कें बेहतर हैं और विश्व स्तरीय हैं। हमें इस हीनभाव से बाहर निकलना चाहिए कि अमेरिका, भारत से अच्छा है। बल्कि कई मामलों में हम अमेरिका से बेहतर हैं। इसलिए लोगों को अपनी सोच बदलने की जरूरत है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 25 साल पहले उन्होंने अमरकंटक से संन्यास ग्रहण किया और इसी कारण वह नर्मदा नदी के पवित्र उद्गम स्थल पर नमन करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रामेश्वरम मंदिरों की वास्तुकला, अजंता एलोरा, खजुराहो और गंगा नदी जैसे देश में कई उदाहरण हैं, जिसमें भारत अमेरिका से आगे है। मानवता सहित अनेक क्षेत्रों में भारत विश्व में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर मध्य प्रदेश में कई सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं और चौहान ने निर्भिकता से इस बात को अमेरिका में कहा। भारती ने कहा कि चौहान के बयान ने एक नई बहस छेड़ दी है। लोगों को अपनी सोच बदलने की जरूरत है। विशेषकर अंग्रेजी बोलने वाले लोगों को, जो हर मामले में पश्चिमी देशों को भारत से बेहतर मानते हैं। उन्होंने कहा कि चौहान के इस बयान पर सोशल मीडिया में जो प्रतिक्रिया हुई और लोगों ने इसका मजाक भी उड़ाया।

इससे उन्हें दुख पहुंचा और सच्चे देशभक्त के तौर पर वह मीडिया के बीच आकर चौहान के बयान का समर्थन करते हुए कहना चाहती हैं कि हमारा देश कई मामलों में विदेशी मुल्कों से बेहतर है। मालूम हो कि वर्ष 2005-06 में भाजपा द्वारा उमा भारती को मुख्यमंत्री पद नहीं देने के निर्णय के बाद चौहान और उमा भारती के बीच संबंध कटु हो गए थे और इसके बाद उमा भारती ने भाजपा के समांतर एक नए राजनीतिक दल का गठन किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निश्चित तौर पर दुनिया में अग्रणी स्थान पर आएगा। उन्होंने कहा कि कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों में उच्च स्तर पर भारतीय युवा काबिज हैं। मालूम हो कि चौहान ने हाल ही में अमेरिका यात्रा के दौरान वाशिंगटन में कांफेडरेशन आॅफ इंडियन इंडस्ट्री और यूएस-इंडिया स्ट्रेजिक पार्टनरशीप फोरम के एक कार्यक्रम में कहा था कि जब मैं वाशिंगटन हवाईअड्डे पर उतर कर शहर की ओर आ रहा था तो मैंने महसूस किया कि मध्य प्रदेश की सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *