यूपीः बदायूं में रेप के दौरान विधवा भाभी ने रोका, देवर ने जला दिया जिंदा

उत्तर प्रदेश के बदायूं में बुधवार रात को बड़ी वारदात हुई। रेप का विरोध करने पर विधवा को जिंदा जला दिया गया। घटना के बाद आरोपी देवर फरार हो गया। परिजन ने इस मामले की शिकायत की है। पुलिस उसी के आधार पर आरोपी को तलाश रही है। इस्लाम नगर के गांव लभारी की मढ़इया में वेदराम मौर्य रहते हैं। उनके बेटे जसवीर की तीन साल पहले मौत हो चुकी है, जिसकी पत्नी नीलम (27) ढाई साल के बेटे संग ससुराल में रहती थी। घर में देवर जितेंद्र भी रहता था। परिजन का आरोप है कि वह उस पर बुरी नजर रखता था। वह उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाने को लेकर मारपीट करता था।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात भी कुछ ऐसा ही हुआ। जितेंद्र नीलम से जोर-जबरदस्ती कर रहा था। उसने उसका विरोध किया और शोर मचाया। आरोपी को उसने धमकी दी कि वह उसकी इस काली करतूत को सबके सामने लाकर रहेगी। देवर इसी बात पर भड़क गया, जिसके बाद उसने उस पर मिट्टी का तेल छिड़क कर जिंदा जला दिया। बुरी तरह से जलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी देवर वहां से भाग निकला। जानकारी पर परिजन में शोक का माहौल पनप गया। मायके वालों ने इस बाबत पुलिस में शिकायत दी।

इस्लामनगर के एसओ रामनरेश माथुर ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची थी। मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी जितेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। तलाश में जुटी है। जांच में जो भी सामने निकलेगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पहला मौका नहीं है, जब बदायूं से रेप या गैंगरेप की खबर आई हो, इससे पहले जब गैंगरेप का मामला सामने आया था, तो वह संयुक्त राष्ट्र तक पहुंचा था। जांच सीबीआई के जिम्मे सौंपी गई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *