दिल्‍ली में स्‍मॉग से छाया अंधेरा, यमुना एक्‍सप्रेसवे पर आपस में टकराई कारें

दिल्ली के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह गहरी धुंध के चलते एक दिल दलहा देने वाला हादसा पेश आया। धुंध की वजह से कई गांड़ियां एक के बाद एक आपस में टकरा गईं। हालांकि इस हादसे में किसी की मौत होने की खबर नहीं मिली है लेकिन कई लोगों को गहरी चोटें आई हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि घटना स्थल पर काफी अफरा-तफरी मची हुई है। धुंध की वजह से एक्सप्रेसवे पर आने वाली कारें सामने खड़ी कार से टकराए जा रही हैं। लोग जल्दी-जल्दी अपनी कार से निकलने का प्रयास कर रहे हैं। इस घटना में एक व्यक्ति के माथे पर चोट लगी है और वह अपना माथा पकड़ कर सड़क के किनारे जा रहा है। इस वीडियो में हादसे को साफ तौर से देखा जा सकता है और दिल्ली में छाई गहरी धुंध का अंदाजा भी लगाया जा सकता है।

मालूम हो कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी घनी धुंध छाई रही और लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना भी करना पड़ा। सुबह साढ़े पांच बजे और साढ़े आठ बजे दृश्यता का स्तर 300 मीटर दर्ज किया गया। बुधवार का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता का स्तर भी अधिक दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी 98 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम कार्यालय ने दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

मौसम विज्ञानी ने बताया, ‘‘अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।’’ मंगलवार का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 और 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को भी राष्ट्रीय राजधानी में धुंध की चादर छाए रहने के कारण अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय बंद करने और पार्किंग शुल्क में चार गुणा बढ़ोत्तरी सहित कई उपायों के बारे में घोषणा की। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने भी बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्राथमिक विद्यालयों के बंद रहने की घोषणा की थी।

 दिल्ली सरकार ने भी बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और अस्थमा एवं दिल की बीमारियों से ग्रसित लोगों के स्वास्थ्य के लिए परामर्श जारी किया है। ईपीसीए ने क्षेत्र के नगर निगमों को तत्काल पार्किंग शुल्क चार गुणा करने तथा दिल्ली मेट्रो को अधिक कोच जोड़ने और नियमित सेवाएं सुनिश्चित करने के साथ साथ कम से कम दस दिनों तक पीक आॅवर में किराया कम करने का निर्देश दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *