पूर्व बॉडीगार्ड का खुलासा- रूसी शख्स ने 5 वेश्याएं भेजने का किया था ऑफर, ट्रंप ने दिया था यह जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। रूस के एक शख्स ने उन्हें मॉस्को स्थित होटल रूम में पांच वेश्याएं भेजने की पेशकश की थी। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ने तब उसे करारा जवाब दिया था। यह बात पहले ट्रंप, उनके तब के बॉडीगार्ड और उस रूसी शख्स के बीच थी। मगर गुरुवार को उसी पूर्व बॉडीगार्ड ने इस राज से पर्दा उठाया। पूर्व बॉडीगार्ड कीथ शिलर हाउस इंटेलिजेंस कमेटी के सामने गवाही दे रहे थे। वह ट्रंप पर लगे आरोपों का बचाव कर रहे थे, जिसमें कहा गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने नौ नवंबर 2013 में हुए ब्यूटी कॉन्टेस्ट के दौरान अपने साथ लड़कियां रखी थीं।

ट्रंप ने उस शख्स के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। उन्होंने कहा था, “हमें इस तरह की चीजें नहीं चाहिए।” ट्रंप को मनाने के लिए वह शख्स उस रात होटल में पीछे-पीछे आया था। शुरुआत में उन्हें यह पेशकश महज एक मजाक लगा था। अमेरिकी राष्ट्रपति पर ये आरोप एक डोजियर में लगे थे, जिसमें पूर्व ब्रिटिश इंटेलिजेंस अधिकारी क्रिस्टफर स्टील ने तमाम जानकारियां जुटाई थीं।

35 पन्नों के डोजियर को पहले बजफीड ने छापा, जिसके बाद अमेरिका से लेकर रूसी मीडिया में इस मुद्दे पर कोहराम मच गया था। शिलर ने इसी साल सितंबर में व्हाइट हाउस छोड़ा है। उन्होंने आगे बताया कि ट्रंप और वह मॉस्को स्थित होटल के कमरों में होने वाली गतिविधियों को लेकर सावधान थे, जो उन्हें मुश्किल में डाल सकती थी। स्पेशल काउंसेल रॉबर्ट म्युलर भी इस मामले को लेकर रूस में जांच कर रहे हैं। इससे पहले तक यह मामला एफबीआई के जिम्मे था। उधर, शिलर के अटॉर्नी स्टुअर्ट सियर्स अपने बयान से पीछे हट गए हैं। उन्होंने एनबीसी से कहा कि प्रेस में लीक हुई शिलर की गवाही पूरी तरह से झूठी और भ्रामक है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *