Ram Rahim Singh Case LIVE: बलात्‍कारी बाबा के वकील का तर्क- सोशल वर्कर हैं, इसलिए नरमी बरती जाए

Ram Rahim Singh Case LIVE: दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को सोमवार को रोहतक के पास सुनारिया जेल में विशेष अदालत द्वारा सजा सुनाई जाएगी। रोहतक के पास सुनारिया की जेल में बनाई गई विशेष अदालत सजा का ऐलान करेगी। इसी जेल में डेरा प्रमुख को रखा गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत के न्यायाधीश जगदीप सिंह ने शुक्रवार को डेरा प्रमुख को दुष्कर्म का दोषी ठहराया था। डेरा प्रमुख को न्यूनतम सात साल से आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। अर्धसैनिकबलों और हरियाणा पुलिस सहित सुरक्षाबलों ने जिला जेल परिसर को चारों ओर से घेर लिया है। सेना को भी अलर्ट पर रखा गया है। जेल परिसर के 10 किलोमीटर तक के दायरे में किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है। हरियाणा पुलिस के महानिदेशक (डीसीपी) बी.एस.संधू ने कहा, “हम किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। सेना को भी मुस्तैद किया गया है।” हरियाणा और पंजाब में सोमवार को सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हरियाणा के सिरसा में कर्फ्यू लगा है, जो आज भी रहेगा।

– टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार, राम रहीम अदालत में रो पड़ा और जज से कम सजा देने की मांग की।

– जज जगदीप सिंह ने अपना फैसला सुनाना शुरू किया।

– बचावपक्ष के वकीलों ने राम रहीम की जेल बदलने की मांग की। : मीडिया रिपोर्ट्स

– सजा पर दोनों पक्षों की बहस खत्‍म। कभी भी आ सकता है जज का फैसला।

– बचाव पक्ष का तर्क है कि राम रहीम सिंह एक सामाजिक कार्यकर्ता है जिसने लोगों की सेवा के लिए काम किया है, इसलिए जज का नरम रुख अपनाना चाहिए।

– एबीपी न्‍यूज के मुताबिक, सफेद लिबास में कोर्टरूम पहुंचा है राम रहीम सिंह, आंखें नम है और जज से रहम की गुजारिश की है।

– सीबीआई अदालत में राम रहीम को सजा पर अपना पक्ष रख रही है।

– अभियोजन पक्ष ने बलात्‍कार के दोषी के लिए अधिकतम सजा की मांग की है।

– विशेष जज जगदीप सिंह ने दोनों पक्षों को 10-10 मिनट का समय दिया है।

– एबीपी न्‍यूज के अनुसार, कुछ ही देर में गुरमीत राम रहीम को कोर्ट रूम में बुलाया जाएगा।

– अदालत की कार्रवाई शुरू हो गई। दोनों पक्षों की तरफ से सजा पर बहस हो रही है।

– विशेष सीबीआई जज जगदीप सिंह सोनारिया जेल पहुंच चुके हैं। अदालत की कार्यवाही ढाई बजे से शुरू होगी। सजा कितनी दी जाए, इसे लेकर जिरह होगी। फैसला आने में घंटे भर का वक्‍त लग सकता है।

– केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दुष्कर्म मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को सजा सुनाए जाने से पहले हरियाणा और पंजाब में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, गृह सचिव राजीव महर्षि और अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

– जेल के भीतर लगने वाली अदालत में एक सीबीआई का अधिकारी तैनात रहेगा जो मीडिया को पूरी कार्रवाई से अपडेट करेगा।

– गुरमीत राम रहीम के वकील एसके नरवाना रोहतक जेल के भीतर बनाई गई अस्‍थायी अदालत पहुंच चुके हैं।

– पुलिस ने डेरे के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। खुफिया रिपोर्ट में कहा गया था कि राम रहीम को सजा का ऐलान होने के बाद हिंसा भड़काई जा सकती है। कई जगहों पर पुलिस ने जमीन में गाड़ कर रखी गई आपत्तिजनक वस्‍तुएं बरामद की हैं।

– अदालत में सजा के ऐलान से पहले रोहतक में पुलिस पैट्रोलिंग कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *