चित्रकूट उपचुनाव में भाजपा की हार पर कुमार विश्वास ने कसा तंज, दोहे के जरिए उड़ाया मजाक

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की तपोभूमि में भाजपा की हार और कांग्रेस की जीत हो गई। मध्यप्रदेश के सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी को 14,133 मतों से पराजित किया। इस चुनाव नतीजे ने कांग्रेस को जहां जश्न मनाने का मौका दिया है, वहीं भाजपा को आगामी चुनावों के मद्देनजर अपनी रणनीति की समीक्षा करने को मजबूर कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को मतों की गिनती के बाद आए नतीजे में कांग्रेस प्रत्याशी चतुर्वेदी को कुल 66,810 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी त्रिपाठी को कुल 52,677 मत प्राप्त हुए। यहां कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह के निधन के बाद उपचुनाव कराया गया है। चुनाव में भाजपा की हार पर आम आदमी पार्टी के नेता डॉ कुमार विश्वास ने भी तंज कसा। विश्वास ने रहीम का दोहा ट्वीट कर कहा, ”चित्रकूट में रमि रहे रहिमन अवध नरेस, जा पर बिपदा परत है ओहि आवत इहि देस”। विश्वास के इस ट्वीट को करीब 3 हजार लोगों ने लाइक किया है व 500 ने रिट्वीट किया है।
हालांकि लोग विश्वास के इस ट्वीट से जरा कंफ्यूज दिखे। कई यूजर्स ने दोहे में थोड़ा परिवर्तन कर दिया। मसलन, आशीष नाम के यूजर ने कहा, ”चित्रकूट के घाट पर भई संतो की भीड़, बिना राहुल बाबा के जीत गयी कांग्रेस!” पूजा ने लिखा, ”सर आप या तो पॉलिटिक्स करो या कविता, दोनों करोगे तो मुश्किल है हम भी कन्फ्यूज हो जाते है।”
मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और 19 चक्र में पूरी हुई। अंत आते-आते मतों का अंतर 14,133 रह गया। यहां कुल 1,26,903 वोट वैध पाए गए। मतगणना के दौर को देखा जाए, तो कई चक्र में कांग्रेस उम्मीदवार की बढ़त लगभग दो हजार की रही। 19 चक्रों में से सात चक्र में भाजपा के उम्मीदवार ने बढ़त बनाई, तो शेष 12 चक्रों में कांग्रेस उम्मीदवार आगे रहा। इस क्षेत्र में 2455 मतदाताओं ने ईवीएम में ‘नोटा’ बटन दबाया।
कांग्रेस उम्मीदवार की जीत का ऐलान होते ही पार्टी के प्रदेश दफ्तर से लेकर इंदौर, ग्वालियर जैसे स्थानों पर जमकर जश्न मनाया गया। आतिशबाजी हुई, ढोल की थाप पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खूब ठुमके लगाए।
कांग्रेस को मिली जीत पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए गए झूठे वादों का मतदाताओं ने जवाब दे दिया है। मुख्यमंत्री चौहान ने बीते 13 वर्षो में चित्रकूट की जनता से न जाने कितने वादे किए, मगर एक भी पूरा नहीं किया। इस बात से वहां का मतदाता बेहद नाराज था। दूसरी बात कि वहां के लोग विधायक प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि देना चाहते थे, इसलिए ज्यादातर मतदाताओं ने कांग्रेस को वोट किया।”