90 साल की महिला ने खुद सजाई अपनी चिता, फिर लगा ली आग

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में 90 वर्षीय महिला ने कथित रूप से खुद की चिता सजाने के बाद आग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कल बताया कि कल्लव्वा दादु कांबले ने कागल तहसील के बामनी गांव में 13 नवंबर को आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बताया, ‘‘मृतक महिला अपने बेटे विठ्ठल के घर के बगल वाले घर में अकेले रह रही थीं।’’   कोल्हापुर के पुलिस अधीक्षक संजय मोहिते ने बताया, ‘‘महिला ने अपने जीवन से परेशान होकर यह कदम उठाया।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश हुई मृत्यु का एक मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।’’ पुलिस के मुताबिक 13 नवंबर की शाम को महिला की पोती ने उसे रात का खाना खाने को दिया। इसके बाद कल्लव्वा सोने के लिए अपने घर चली गई। लेकिन तभी इस महिला ने अंदर से अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था। घर के अंदर ने महिला ने खुद अपनी चिता सजाई। इसके लिए इस बूढ़ी औरत ने लड़की और गाय के गोबर से बने उपले का इस्तेमाल किया। कल्लव्वा ने बड़े जतन से अपनी चिता सजाई, इसके बाद इस पर केरोसीन तेल डाला और माचिस से आग लगा ली।

अगली सुबह जब कल्लव्वा की पोती अपनी दादी को एक गिलास दूध देने आई तो उसने देखा कि घर का दरवाजा खुला नहीं है। इसके बाद उसने यह बात अपने पिता को बताई। महिला का बेटा विठ्ठल, जो कि राज्य परिवहन विभाग में कंडक्टर का काम करता है, दौड़ते हुए अपने मां के घर पहुंचा। जैसे ही वह अपनी मां के घर पहुंचा वहां पर राख और शरीर के जले हुए टुकड़े मिले। इस घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस को बुलाया गया। पुलिस इस केस में फिलहाल किसी भी साजिश की आशंका से इनकार कर रही है। केस की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *