संघ की तर्ज पर भाजपा नेताओं के होंगे प्रवास, तिवाड़ी की हुई शिकायत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तर्ज पर अब भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के भी प्रवास कार्यक्रम होंगे। भाजपा नेता अब बूथ स्तर पर प्रवास कर पार्टी को मजबूती देने की कसरत करेंगे। वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी के भविष्य में नई पार्टी बनाए जाने के संकेतों की शिकायत प्रदेश नेतृत्व ने राष्ट्रीय नेतृत्व को कर दी है। राजस्थान भाजपा अब पूरी तरह से संघ की तर्ज पर अपनी गतिविधियां चलाने में जुट गई है। संघ प्रचारकों के प्रवास की तर्ज पर भाजपा अब अपने पदाधिकारियों को भी प्रवास पर भेजेगी। इसके तहत बड़े पदाधिकारी बूथ स्तर पर लगातार चार-पांच दिन ठहर कर संगठन को संभालेंगे। इसमें पदाधिकारी किसी कार्यकर्ता के घर पर रहेंगे और उनके साथ ही इलाके के लोगों के बीच पार्टी की रीति नीति का बखान करेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी ने आरएसएस के इस माडल के तहत जिला संगठन प्रभारियों और जिला अध्यक्षों को महीने में पांच दिन प्रवास पर रह कर गतिविधियां संचालित करने को कहा है। प्रदेश में कई जिलों में बूथों की संख्या ज्यादा होने पर मंडल स्तर के पदाधिकारियों को भी प्रवास पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बूथ जीतों-चुनाव जीतों के फार्मूले के तहत ही बूथ मजबूती की दिशा में यह कदम उठाया गया है।

विधानसभा चुनाव को देखते हुए ही भाजपा अपनी तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश में चार साल से सरकार होने के कारण कार्यकर्ताओं में किसी तरह की निराशा नहीं पनपे, इस मकसद से बडेÞ नेताओं को भी निचले स्तर पर दौड़ाया जा रहा है। इसमें बड़े नेताओं को यह जिम्मेदारी भी सौंपी जा रही है कि जमीनी कार्यकर्ता चुनाव के समय पूरी तरह से सक्रिय रहें। इस लिहाज से उससे मेल मिलाप निरंतर रखा जाए। जमीनी कार्यकर्ताओं की घरेलू समस्याओं का निदान भी करवाया जाए। इससे पहले भाजपा संघ के प्रचारकों की तर्ज पर संगठन में विस्तारकों की तैनाती कर चुका है। इसके तहत विस्तारक अपने गृह इलाके को छोड़ कर दूसरे इलाके में पूरी तरह से संगठन का जिम्मा संभाल रहे हैं। विस्तारक संगठन और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की मुहिम में जुटे हुए हैं।

दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा ने वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी की शिकायत अब आलाकमान को पहुंचा दी है। तिवाड़ी ने कुछ समय पहले ही सीकर में एक सभा में नई पार्टी बनाने के संकेत दिए थे। तिवाड़ी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की कार्यशैली का पिछले चार साल से विरोध कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी का कहना है कि तिवाड़ी का नई पार्टी बनाने का विचार उनका व्यक्तिगत सोच है। इस मामले की पूरी जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व को दे दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *