दिल्ली में 20 नवंबर सात साल में सबसे ठंडा रहा

दिल्ली की बहुप्रतीक्षित सर्दी’ ने आखिरकार राजधानी में दस्तक दे दी है और वो भी पिछले कुछ सालों के रेकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार राजधानी दिल्ली में पिछले सात सालों में सबसे ज्यादा सर्द 20 नवंबर रहा जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया हो, साथ ही अधिकतम तापमान भी इन सालों में पहली बार 25 डिग्री से नीचे लुढ़का है। सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम भी सामान्य से इतना ही कम 24.4 डिग्री रहा।  सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 9.4 डिग्री सेल्सियस चला गया जो रविवार की तुलना में सीधे 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट थी। हालांकि, अधिकतम तापमान रविवार की तरह ही 24. 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री और अधिकतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और आसमान साफ रहेगा। आइएमडी का पूर्वानुमान है कि पूरे हफ्ते न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा वहीं अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी और यह 22-23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक सोमवार का दिन पिछले सात सालों का सबसे ठंडा 20 नवंबर रहा। आइएमडी के रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2011 से अगले सात सालों में 20 नवंबर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं दर्ज किया गया। हालांकि, वर्ष 2014 और 2013 में 16 से 19 नवंबर के बीच तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गया है। वहीं आइएमडी के मुताबिक, 20 नवंबर के बाद कई अवसरों पर तापमान 9 डिग्री तक लुढ़का है। इतना ही नहीं इन सात सालों में अधिकतम तापमान में भी 20 नवंबर को इतनी गिरावट पहली बार दर्ज की गई है। वर्ष 2011 से आगे के सालों में इस तारीख को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *