आधार कार्ड के बिना अंतिम संस्‍कार नहीं! फरीदाबाद के श्‍मशान में लगे बोर्ड की फोटो वायरल

आमतौर पर देश में मोबाइल, बैंकिंग और अन्य सरकारी सुविधाओं के लिए आधार अनिवार्य होने की खबरें आती रही हैं। लेकिन हरियाणा के फरीदाबाद में कथित तौर पर अंतिम संस्कार के लिए भी आधार अनिवार्य कर दिया है। दरअसल पुराना फरीदाबाद के खेड़ी रोड के श्मशान में प्रबंधन ने उन लोगों के परिजनों का अंतिम संस्कार नहीं कराने का निर्णय लिया है जिसमें मृतक का आधार ना हो। इसके तहत श्मशान के बाहर एक बोर्ड लगाया गया है। बोर्ड पर लिखा गया है, ‘मृतक का आधार कार्ड लाना जरूरी है, नहीं तो अंतिम संस्कार नहीं होगा। आदेशानुसार फरीदाबाद नगर निगम।’
वहीं बीते शुक्रवार (नवंबर) को स्थानीय लोगों ने जब ये बोर्ड देखा तो उन्होंने सूचना से संबंधित दस्तावेज दिखाने की मांग की। इसपर श्मशान का प्रबंधन देख रहे फरीदाबाद वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान आरपी बतरा ने बताया कि लोग अगर मृतक से जुड़ी जानकारी रजिस्टर में सही दर्ज करते हैं तो उन्हें आधार नहीं दिखाना होगा। तब बिना आधार के भी अंतिम संस्कार करने दिया जाएगा।
बतरा के अनुसार, ‘अभी तक किसी का भी अंतिम संस्कार नहीं रोका गया है। लेकिन आमतौर पर ऐसा होता है कि शोक भरे माहौल में लोग मृतक का पूरा नाम नहीं लिखवाते या उनका पता सही नहीं लिखवाते। कई मामलों में मे तो मृतक के नाम भी गलत पाए गए हैं। इस कारण कई लोगों को नगर निगम में मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी आती है।’
बतरा ने आगे बताया कि परेशानी होती है तो लोग नाम ठीक कराने के लिए श्माशान आते हैं। इससे श्मशान प्रबंधन को भी काफी समस्या होती है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए हमने आधार के साथ ही अंतिम संस्कार कराने का निर्णय लिया है। इससे निगम को भी परेशानी नहीं होगी।
मामले में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी आनंद स्वरूप ने बताया, ‘फरीदाबाद नगर निगम ने अंतिम संस्कार के लिए आधार अनिवार्य करने जैसा कोई नोटिस नहीं जारी किया है। खेड़ी रोड के श्मशान के बाहर जो बोर्ड लगाया गया है उसे ठीक कराया जाएगा। श्मशान में आधार अनिवार्य नहीं बल्कि मृतक की सही जानकारी देना अनिवार्य होना चाहिए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *