राज ठाकरे की एमएनएस ने संजय निरुपम के घर लगाया पोस्टर, लिखा- दूसरे राज्य का कुत्ता

महाराष्ट्र में कांग्रेस और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के बीच विवाद अब बढ़ता जा रहा है। मुंबई में कांग्रेस ऑफिस में तोड़फोड़ के बाद अब एमएनएस ने महाराष्ट्र कांग्रेस चीफ के खिलाफ अपमानजक पोस्टर लगाया है। पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष को दूसरे राज्य का कुत्ता बताया है। खबर के अनुसार पोस्टर एमएनएस की यूथ सेल के वाइस प्रेसिडेंट अखिल चित्रे ने शनिवार (2 दिसंबर) को संजय निरुपम के घर के बाहर लगाया। संजय निरुपम के लोखंडवाला स्थित घर के बाहर लगाए गए इस पोस्टर में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी निशाना साधा गया है। जिन्होंने हाल ही में उत्तर भारतीयों को मुंबई का गौरव कहा था। इससे पहले शुक्रवार देर रात को कुछ अज्ञात लोगों ने बांद्रा के खेरवाड़ी इलाके में कांग्रेस के ऑफिस के बाहर लगे बैनर-पोस्टर्स पर स्याही पोत दी थी। कहा जा रहा है कि यह काम भी एमएनएस कार्यकर्ताओं का ही है।

 

दरअसल मुंबई और उसके आसपास के शहरों में एमएनएस ने अवैध फेरीवालों के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है। जगह-जगह एमएनएस वर्कर फेरीवालों को पीट रहे हैं। कुछ जगहों पर मनसे नेताओं की पिटाई भी हुई है। जबकि संजय निरुपम फेरीवालों का सपोर्ट कर रहे हैं। निरुपम ने कुछ दिन पहले कहा था कि अगर एमएनएस के गुंडे फेरीवालों को मारेंगे तो फेरीवाले भी उन्हें मारेंगे, जिसके बाद मलाड में एमएनएस के नेता की फेरीवालों ने पिटाई कर दी थी। इसके कुछ दिन बाद विक्रोली में फेरीवालों को हटाने गए एमएनएस के उप विभाग प्रमुख पर फेरीवालों ने हमला कर दिया।

शिवसेना ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मुंबई में बाहरी लोगों के योगदान की तारीफ करने वाले अपने गैर जिम्मेदाराना बयान को वापस लेना चाहिए। शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा कि मुंबई पर मराठी लोगों का पहला अधिकार और दावा है। फडणवीस का बयान महाराष्ट्र का अपमान है। संपादकीय में कहा गया है कि फडणवीस को अपना गैर जिम्मेदाराना बयान वापस लेना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *