महाराष्ट्र बीजेपी ने सीएम देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ कर दिया ट्वीट, वायरल होने पर मचा हंगामा

महाराष्ट्र बीजेपी के ट्विटर आधिकारिक ट्विटर हैंडल से राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ ही ट्वीट कर दिया गया। रविवार सुबह 10.15 बजे के आसपास पार्टी के ट्विटर हैंडल की ओर से लिखा गया, ‘राज्य में एक तरफ 2 लाख कर्मचारियों की जरूरत है, वहीं दूसरी ओर देवेंद्र फडणवीस सरकार 30 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। यह मेक इन महाराष्ट्र नहीं बल्कि फूल इन महाराष्ट्र की स्कीम है’। इस ट्वीट में राहुल गांधी, संजय निरुपम समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं को भी टैग किया गया है। जब गलती का पता चला तो इसके एक घंटे बाद ही ट्वीट डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक यह ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। फिलहाल यह मालूम नहीं चल पाया है कि यह ट्वीट गलती से हुआ है या जानबूझकर किया गया है। महाराष्ट्र बीजेपी की ओर से भी कोई बयान जारी नहीं हुआ है।

इसके अलावा शिवसेना ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मुंबई में बाहरी लोगों के योगदान की तारीफ करने वाले अपने गैरजिम्मेदाराना बयान को वापस लेना चाहिए। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार और केंद्र में एनडीए गठबंधन का सहयोगी दल शिवसेना कई मुद्दों को लेकर अक्सर बीजेपी पर निशाना साधता रहता है। शिवसेना ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मुंबई में बाहरी लोगों के योगदान की तारीफ करने वाले अपने गैरजिम्मेदाराना बयान को वापस लेना चाहिए।

शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में एक संपादकीय में कहा, ‘मुंबई पर मराठी लोगों का पहला अधिकार और दावा है। फडणवीस का बयान महाराष्ट्र का अपमान है।’ संपादकीय में कहा गया है, ‘फडणवीस को अपना गैर जिम्मेदाराना बयान वापस लेना चाहिए। फडणवीस ने मुंबई के विकास में उत्तर भारतीयों और अन्य राज्यों के लोगों के योगदान की तारीफ की थी।’

मुख्यमंत्री ने कहा था कि देश की वित्तीय राजधानी ने हमेशा कई लोगों को शरण दी है और यहां रहने वाले लोगों ने शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। फडणवीस ने बुधवार को यहां उपनगर घाटकोपर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा, ‘मेरा मानना है कि जो बातें मुंबई को महान बनाती है उनमें वे लोग भी हैं जो विभिन्न राज्यों से आते हैं और यहां बस जाते हैं। वे भी मुंबई को महान बनाते हैं।’ फडणवीस ने कहा था, ‘आज जब हम मुंबई और महाराष्ट्र की बात करते हैं तो तुरंत उत्तर भारतीय समुदाय की ओर देखते हैं। इस शहर ने हमेशा कई लोगों को शरण दी है और जिन लोगों को यहां आश्रय मिला है उन्होंने हमेशा शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।’ बीजेपी नेता ने कहा, ‘आज, हम कह सकते हैं कि मुंबई में बसे उत्तर भारतीय समुदाय ने हमेशा शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाने का काम किया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *