केरल: नकाब में मुस्लिम लड़कियों का किया फ्लैश मॉब डांस वायरल, ट्रोल्स ने कसा तंज

केरल में एड्स के खिलाफ जागरुकता फैलाने के मकसद से तीन मुस्लिम लड़कियों को सड़क पर डांस करने के लिए ट्रोल किया जा रहा है। इन तीनों लड़कियों ने केरल के मल्लापुरम जिले के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयोजित जागरुकता अभियान के लिए नकाब में सड़क पर डांस किया था। तीनों लड़कियां मल्लापुरम के डेंटल कॉलेज की छात्राएं हैं। जींस और नकाब में इन लड़कियों के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए लोग लिख रहे हैं कि जींस और नकाब पहनकर सरेआम नाचना इस्लाम के खिलाफ है। वहीं बहुत से लोग ये भी लिख रहे हैं कि इस तरीके से पब्लिक में नाचकर पता नहीं कौन सी जागरुकता फैलाना चाह रही हैं ये सब।

ऐसा नहीं है कि इन लड़कियों को सिर्फ भला-बुरा ही कहा जा रहा है। बहुत से लोग इन लड़कियों के सपोर्ट में भी उतर आए हैं। लोग लिख रहे हैं कि जो लोग लड़कियों के डांस और पहनावे को लेकर धर्म की दुहाई दे रहे हैं, उन लोगों को ये समझ नहीं आ रहा कि इस तरह से सोशल मीडिया में सरेआम उन्हें गालियां देना कौन सा धर्म का काम है।

मल्लापुरम के डिप्टी जिला स्वास्थ अधिकारी का कहना है कि लड़कियों ने एड्स के खिलाफ जागरुकता फैलाने के लिए फ्लैश मॉब में हिस्सा लिया था। इन लड़कियों के सिवा बहुत से दूसरे छात्रों ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *