शादी में बवाल, दूल्हे ने पुलिसकर्मियों पर फेंके गिलास तो सुहागरात पर जाना पड़ा जेल

मलेशिया में एक शादी के बीच बवाल कटने से जुड़ा मामला सामने आया है। लड़के वाला पक्ष यहां पुलिस से भिड़ गया। दूल्हे ने इस दौरान पुलिसकर्मियों पर गिलास फेंका, जिसमें एक पुलिसकर्मी को चोट लगी है। पुलिस बरात में एक शख्स को पकड़ने आई थी, जो लड़के वालों की तरफ से मेहमान था। घटना के दौरान वह तो फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसी रात दूल्हे को हिरासत में ले लिया। यह मामला यहां के क्वालालंपुर में एलर सेटर का है। रविवार शाम होटल के बॉलरूम में शादी की पार्टी थी। लड़के वालों की ओर से मेहमानों में एक शख्स था, जिसे पुलिस गिरफ्तार करने आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस पर कई अपराधों के तहत धाराएं लगी हुई थीं। पुलिस समारोह में उसी को लेकर पूछताछ कर रही थी।

उधर, लड़के वाला पक्ष उसे बचाने में जुटा था। 40 लोगों का समूह उसकी गिरफ्तारी रोकने के लिए आगे आया, जिसमें दूल्हा भी शामिल था। पुलिस और लड़के वाले पक्ष के बीच में इस बाबत बहस भी हुई। नौबत हाथ से बाहर तब हुई, जब दूल्हे ने एक पुलिसकर्मी के गिलास फेंक कर मारा। इस दौरान वह चोटिल हो गया।

पुलिस अधिकारी मोहम्मद रोजी जिदिन ने इस बारे में बताया कि बवाल के दौरान दूल्हे ने उनके कर्मचारी पर गिलास फेंका था। घटना के दौरान उसके हाथ में चोट लगी। वहीं, संदिग्ध शख्स कार्यक्रम के दौरान पीछे के दरवाजे से भागने में कामयाब रहा। जबकि अन्य मेहमान उसे लेकर पुलिस से झगड़ते रहे। पुलिस ने इसके बाद दूल्हे को हिरासत में लिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *