नीरज वोरा: ‘फिर हेरा फेरी’ के डायरेक्टर का निधन, लंबे समय से कोमा में थे

एक्टर, डायरेक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर नीरज वोरा का 14 दिसबंर को मुंबई के क्रिटी केयर अस्पताल में सुबह चार बजे निधन हो गया है। उनकी उम्र 54 साल थी। आज दिन में 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। नीरज को अपने अलग अंदाज में लोगों को हंसाने के लिए जाना जाता है। उनके निधन की खबर परेश रावल ने ट्विटर के जरिए दी। उन्होंने अपने आधिकारिक अकाउंट पर लिखा- नीरज वोरा- बहुत सी फिल्मों के साथ ही फिर हेरा फेरी के लेखक और निर्देशक अब इस दुनिया में नहीं रहे। ऊं शांति।

नीरज ने राजू बन गया जेंटलमैन, रंगाली, मन, दौड़: फन ऑन द रन, सत्या, बादशाह और बोल बच्चन जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्हें आखिरी बार 2015 में आई फिल्म वेलकम बैक में देखा गया था। उन्होंने फिर हेरा फेरी अकेले हम अकेले तुम, ताल, जोश, बदमाश, चोरी चोरी चुपके चुपके, आवारा पागल दीवाना और रंगीला जैसी फिल्मों को लिखा था। डायरेक्टर के तौर पर उन्होंने खिलाड़ी 420 से शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने फिर हेरा फेरी को डायरेक्ट किया। नीरज हेरा फेरी 3 को भी डायरेक्ट करने वाले थे।

हालांकि पिछले साल एक्टर को हार्ट अटैक के साथ ही ब्रेन स्ट्रोक आया था। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहीं से वो कोमा में चले गए थे। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। नीरज को उनके करीबी दोस्त साजिद नाडियाडवाला के जुहू स्थित बरकत विला में शिफ्ट कर दिया गया था औऱ उनके घर को आईसीयू में तब्दील कर दिया गया था।

कुछ समय पहले नीरज ने ठीक होने के साइन दिए थे। जिसके बाद साजिद ने कहा था- वो ऑडियो थेरेपी पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। खासतौर से जब हम उनके पिता पंडित विनायक राय नानालाल वोहरा का संगीत बजाते हैं। डॉक्टर ने हमें बताया है कि वो अब खतरे से बाहर हैं। वहीं सुनील शेट्टी ने कहा था- हम इसे (पार्ट 3) को फैंस के लिए बनाएंगे। मेरा विश्वास है कि वो (नीरज) अब बेहतर हैं। एक बार वो फिट हो जाएं हम फिल्म पर काम शुरू कर देंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *