सोनिया करती रहीं अपील, पर पटाखे फोड़ते रहे कार्यकर्ता, कई बार बंद करनी स्पीच

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर पार्टी की कमान बेटे राहुल गांधी को सौंप दी। राहुल गांधी हाल ही में पार्टी अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में राहुल ने पार्टी की कमान संभाली। इसके बाद सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। हालांकि, अति उत्साही कार्यकर्ताओं ने इतने पटाखे फोड़े कि सोनिया को अपनी स्पीच कई बार रोकनी पड़ी। सोनिया साफ तौर पर कार्यकर्ताओं के इस बर्ताव से बेहद नाराज दिखीं। उन्होंने और पार्टी के सीनियर नेता जर्नादन दि्वेदी ने कार्यकर्ताओं को कई बार पटाखे फोड़ना बंद करने कहा, लेकिन तुरंत कोई असर नहीं हुआ। फिर राहुल ने हालात संभाले। उन्होंने न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं को समझाया, बल्कि सोनिया को भी आकर यह बताया कि कुछ देर में पटाखे फूटने बंद होने वाले हैं। इसके कुछ देर बाद, सोनिया ने दोबारा से कार्यकर्ताओं को संबोधित करना शुरू किया।
#WATCH: While addressing at AICC, Sonia Gandhi interrupted by the noise of incessant fireworks, says, ‘I can’t speak’ pic.twitter.com/xjBrgYigdK
— ANI (@ANI) December 16, 2017
सोनिया ने यहां बेहद भावुक भाषण दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वह आखिरी बार बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रही हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने से लेकर पीएम पद छोड़ने से जुड़ी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि किस तरह केवल कुछ राज्यों तक सीमित कांग्रेस किस तरह राजनीति में आगे बढ़ी। सोनिया ने राहुल को अध्यक्ष बनने की बधाई भी दी। साथ ही कहा कि पार्टी में नए युग की शुरुआत होने वाली है। उन्होंने पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं को अपने जीवन का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद भी दिया। गौरतलब है कि राहुल की मां सोनिया गांधी पिछले 19 सालों से पार्टी की कमान संभाल रही थीं। बीते कुछ वक्त से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।
सोनिया गांधी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी ने बीजेपी की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक बार आग लगने पर उसे बुझाना मुश्किल हो जाता है। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी आग लगाती है और कांग्रेस उसे बुझाती है। राहुल ने कहा कि बीजेपी तोड़ती है, कांग्रेस उसे जोड़ती है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस हरेक भारतीय के विरोध की आवाज की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। राहुल ने कहा कि जो लोग खुद अपनी रक्षा करने में समर्थ नहीं है कांग्रेस उनकी रक्षा करेगी। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी हमें मिटाना चाहती है लेकिन कांग्रेस की समावेशी राजनीति में बीजेपी का स्थान है।